बिहार में ममता का कत्ल: रोना नहीं बंद कर रही थी 6 महीने की मासूम, मां ने रेत दिया गला, फिर...

Rani Thakur

बिहार के बेतिया में 6 महीने की बच्ची के रोने से परेशान मां ने उसकी गला रेत कर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद के गले पर भी फहसूल चलाया।

AI Generated Image

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार के बेतिया में एक मां ने अपनी छह महीने की बेटी की गरदन रेत कर हत्या कर दी। घटना गोपालपुर थाना क्षेत्र के बड़ा गोपालपुर के वार्ड-8 की है। जानकारी मिली है कि चुप नहीं होने पर रो रही बच्ची की मां ने ही फहसूल से गला काट दिया। इसके बाद उसने खुद भी अपने गले पर फहसूल चलाया जिससे उसका गला हल्का कट गया। घटना के बाद पुलिस ने हत्या आरोपी मां को गिरफ्तार कर लिया है। वही, बच्ची का शव आवश्यक कार्रवाई के बाद परिवार वालों को सौंप दिया गया है।

पुलिस हिरासत में मां 

मृत बच्ची की पहचान सुनील दास की बेटी पूजा कुमारी (06 माह) के रूप में हुई है। रात 8  बजे गांव में घटना की जानकारी फैली तो सरेह से लौटी सास सुरसती देवी ने पुलिस को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और यहां से बच्ची की मां सीमा देवी (25) को हिरासत में लेकर चनपटिया सीएचसी में इलाज कराया। यहां उसके गर्दन पर चार टांके लगे। शुक्रवार सुबह में दादी सुरसती देवी के बयान पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मां को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेजा गया है।

मामले में कार्रवाई शुरू 

जानकारी मिली है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से फहसूल व खून से सना चादर पुलिस ने बरामद किया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। बच्ची की मां मानसिक रूप से कमजोर दिख रही है और उसे महिला पुलिस कर्मियों की सुरक्षा में रखा गया है। 

खून से लथपथ पड़ा था शव

थानाध्यक्ष के अनुसार गुरुवार रात आठ बजे के बाद सूचना मिली कि बड़ा गोपालपुर वार्ड-8 मासूम बच्ची की गला रेत कर हत्या कर दी गई है। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि बिछावन पर बच्ची का शव पड़ा हुआ था। पूछताछ में पता चला कि दोपहर दो बजे बच्ची लगातार रोये जा रही थी और मां उसे चुप करा रही थी, लेकिन वह चुप नहीं हो रही थी। इस पर उसका गुस्सा भड़क गया और घर में रखे फहसूल से उसने अपनी बच्ची का गला रेत दिया।

आधा गला कटते ही मौत

आधा गला कटते ही बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महिला ने खुद के गर्दन पर भी फहसूल चला ली। लेकिन दर्द होने पर रुक गई और किसी तरह गर्दन से खून पोछकर गले में दुपट्टा लपेट ली। वहीं, दूसरी ओर बच्ची की दादी घटना से पहले बैशखवा बाजार गई हुई थी, वहां से शाम में वह घर लौटी। बच्ची के बारे में पूछा तो मां ने बताया कि वह सो रही है। जब वह घर पहुंची तो देखा कि बच्ची खून से लथपथ बिछावन पर पड़ी है। इसके बाद पुलिस को इसकी सूचना दी गई।