डोभी चेकपोस्ट पर कार्रवाई का बदला! ओवरलोड वाहनों पर सख्ती करने वाले ईएसआई पर हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

News11 Bharat

अभिषेक राज/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क:
गया जी से बड़ी खबर सामने आई है, जहां डोभी चेकपोस्ट पर ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करना परिवहन विभाग के ईएसआई मनोज कुमार को भारी पड़ गया. ड्यूटी खत्म कर जब ईएसआई मनोज कुमार अपने घर बोधगया के भागलपुर गांव लौट रहे थे, तभी उनके घर के बाहर पहले से घात लगाए असामाजिक तत्वों ने उन पर अचानक हमला कर दिया. हमले में वे घायल हो गए.

घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया. वहीं गया जी पुलिस तुरंत हरकत में आई और त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
मामले को लेकर एडीटीओ की ओर से संबंधित थाने में लिखित आवेदन दिया गया है. घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी स्वयं थाने पहुंचे और पूरे मामले की समीक्षा की. हमले में घायल ईएसआई मनोज कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया है. पुलिस का साफ कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़े: नोरा फतेही की कार का हुआ एक्सीडेंट, नशे में धुत ड्राइवर ने मारी टक्कर