100 दिनों तक कैंसिल रहेगी बिहार से चलने वाली यह मेमू ट्रेन, यात्रा से पहले चेक करें अपडेट

Rani Thakur

आरा-बनारस मेमू ट्रेन को डीडीयू रेल मंडल में चल रहे जरूरी मरम्मत कार्यों के कारण 100 दिनों के लिए रद्द कर दिया गया है। इसलिए रेलवे ने यात्रियों से अप़डेट जांचने के बाद यात्रा की अपील की है।

सांकेतिक तस्वीरें

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : रेल यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। डीडीयू (पंडित दीनदयाल उपाध्याय) रेल मंडल में चल रहे आवश्यक परिचालन एवं अधोसंरचनात्मक कार्यों के कारण आरा-बनारस मेमू ट्रेन का परिचालन 100 दिनों तक बंद रहेगा। रेलवे ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। रेलवे के अनुसार गाड़ी संख्या 63229 आरा–बनारस मेमू और गाड़ी संख्या 63230 बनारस–आरा मेमू को निर्धारित अवधि के लिए रद किया गया है। संबंधित रेलखंड पर तकनीकी और विकास कार्य चल रहे हैं, जिनके सुरक्षित एवं समयबद्ध निष्पादन के लिए यह निर्णय लिया गया है।

यात्र‍ियों को देखनी होगी वैकल्‍प‍िक व्‍यवस्‍था

आरा और बनारस के बीच चलने वाली यह मेमू ट्रेन दैनिक यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण साधन मानी जाती है। नौकरीपेशा लोगों, छात्रों, छोटे व्यापारियों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों की बड़ी संख्या इस ट्रेन पर निर्भर रहती है।

रेलवे की अपील 

ऐसे में ट्रेन के 100 दिनों तक रद रहने से हजारों यात्रियों को वैकल्पिक ट्रेनों या अन्य परिवहन साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है। रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन संचालन की अद्यतन जानकारी लेने की अपील की है। इसके लिए रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, एनटीईएस और रेलवे हेल्पलाइन का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

कार्य पूरा होने के बाद शुरू होगा परिचालन 

साथ ही रद अवधि के दौरान उपलब्ध अन्य ट्रेनों में यात्रा की योजना बनाने को कहा गया है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि विकास कार्य पूरा होने के बाद ट्रेन का नियमित परिचालन फिर से शुरू कर दिया जाएगा। उनका दावा है कि इन कार्यों के पूरा होने से यात्रियों को भविष्य में अधिक सुरक्षित, सुगम और बेहतर रेल सेवाएं मिल सकेंगी।