बिहार बंद : पटना समेत कई जिलों में उग्र हुए छात्र, हाई अलर्ट पर प्रशासन

Rani Thakur

NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और लाठीचार्ज के खिलाफ छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के बिहार बंद का असर दिखने लगा है।

आंदोलनकारी छात्र

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : NEET पेपर लीक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और लाठीचार्ज के खिलाफ छात्र संगठन AISA और राष्ट्रीय युवा आंदोलन (RYA) के बिहार बंद का असर दिखने लगा है। पटना गांधी मैदान के पास बड़ी संख्या में छात्र जुटे हैं। रामगुलाम चौक के पास प्रदर्शनकारी मोबाइल टावर पर चढ़ गए हैं। 

छपरा में छात्रों ने उग्र प्रदर्शन करते हुए सरकारी बिल्डिंग में चढ़कर पोस्टर फाड़े। बैरिकेडिंग लेकर भागते नजर आए। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी सड़क पर उतरे हैं, इस दौरान जज की गाड़ी भी फंसी दिखी। वहीं, सीवान में स्टूडेंट्स सड़क पर उतरे हैं, एक छात्र कॉकरोच के गेटअप में नजर आया। भड़काऊ पोस्ट को लेकर एक युवक को हिरासत में लिया गया है। बेगूसराय में पुलिस ड्रोन से निगरानी करती नजर आई।

मधेपुरा में सड़कों पर उतरे छात्रों ने जमकर नारेबाजी की, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लिया गया। पटना के जेपी गोलंबर में जैसे ही छात्र प्रदर्शन के लिए जुटे, पुलिस ने उन्हें डिटेन कर लिया। इधर, दरभंगा रेलवे स्टेशन पर भी जवानों की तैनाती की गई है।

पटना में पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है। डाकबंगला चौराहा, जेपी गोलंबर, करगिल चौक, कोतवाली टी-पॉइंट, इनकम टैक्स चौराहा, वीरचंद पटेल पथ, हाईकोर्ट, अशोक राजपथ, राजवंशी नगर मोड़, आशियाना और मुख्यमंत्री आवास के आसपास सुरक्षा बल मुस्तैद हैं।

सुरक्षा में 70 हजार जवान तैनात

बिहार बंद को देखते हुए पटना में पुलिस और प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है। पूरे बिहार में 70 हजार जवानों की तैनाती की गई है। राज्य में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पटना, औरंगाबाद समेत कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं।

स्थानीय पुलिस के साथ-साथ CISF, BSF, SSB और CRPF के जवानों को भी तैनात किया गया है। जेपी गोलंबर पर वाटर कैनन के साथ 200 जवान लगाए गए हैं।

विधानसभा और पटना जंक्शन परिसर की सुरक्षा भी कड़ी कर दी गई है। इसके साथ ही एयरपोर्ट, राजेंद्रनगर टर्मिनल, म्यूजियम सहित अन्य महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। बंद का राजद, कांग्रेस, वीआईपी और वामदलों का समर्थन मिला है।

हाईलाइट्स