बिहार में सफर हुआ महंगा, 1 जून से बढ़ जाएगा सरकारी बसों का किराया, ऑटो-प्राइवेट बसों की दरें भी बदलने की तैयारी

Anshuman Parashar

बिहार में सफर महंगा! 1 जून से सरकारी बसों का किराया 15% तक बढ़ा. जल्द ही प्राइवेट बसों और ऑटो की दरें भी बढ़ेंगी, जिससे आम जनता की जेब पर सीधा आर्थिक बोझ पड़ेगा.

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार के यात्रियों को अब एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए अपनी जेब और ढीली करनी होगी. राज्य सरकार के परिवहन विभाग ने 1 जून से लगभग 1500 सरकारी बसों के किराए में 10 से 15 फीसदी तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है. इस फैसले के बाद साधारण से लेकर हाईटेक बसों तक का सफर महंगा हो जाएगा.

सरकारी बसों का नया किराया: जानें अब कितना लगेगा चार्ज

नई दरों के लागू होने के बाद अलग-अलग कैटेगरी की बसों का किराया प्रति किलोमीटर के हिसाब से इस तरह तय किया गया है:

प्राइवेट बसों पर भी दिखेगा असर, रविवार को अहम बैठक

सरकारी बसों का किराया बढ़ते ही प्राइवेट बस ऑपरेटरों ने भी अपने तेवर बदल लिए हैं. बिहार मोटर ट्रांसपोर्ट फेडरेशन ने राज्य की करीब 40 हजार प्राइवेट बसों के किराए में भी लगभग 15 प्रतिशत की वृद्धि करने का मन बना लिया है.

फेडरेशन के अध्यक्ष उदय शंकर प्रसाद सिंह के मुताबिक, किराया बढ़ोतरी के इस फैसले पर अंतिम मुहर लगाने के लिए रविवार को बस संचालकों की एक बड़ी बैठक बुलाई गई है. इस बैठक में यह साफ किया जाएगा कि प्राइवेट बसों का किराया सरकारी बसों की तुलना में कम रखा जाए, ज्यादा रखा जाए या फिर उनके बराबर ही तय किया जाए.

5 जून से ऑटो का सफर भी होगा महंगा, 25% तक बढ़ोतरी की तैयारी

बसों के बाद अब शहर के भीतर चलने वाले ऑटो भी आपकी जेब पर भारी पड़ने वाले हैं. ऑटो संगठनों की बैठक में किराए को 25 फीसदी तक बढ़ाने पर सहमति बन चुकी है.

पटना जिला ऑटो रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष पप्पू यादव ने जानकारी दी है कि पटना सहित पूरे बिहार में ऑटो का किराया बढ़ाया जाएगा. इस सिलसिले में सोमवार को संबंधित अधिकारियों को एक औपचारिक प्रस्ताव भी सौंप दिया जाएगा, जिसके बाद 5 जून से नई दरें लागू होने की उम्मीद है.

आम जनता पर चौतरफा मार

लगातार हो रही इस किराया बढ़ोतरी से रोज सफर करने वाले नौकरीपेशा, छात्रों और आम नागरिकों के बजट पर सीधा असर पड़ेगा. एक तरफ जहां जून की शुरुआत से ही बसों का सफर महंगा हो रहा है, वहीं दूसरी तरफ ऑटो का किराया बढ़ने से आम आदमी के लिए घर से निकलना और अधिक खर्चीला साबित होने वाला है.