यात्रियों को बड़ा झटका! 1 जून से बिहार में बस सफर होगा महंगा, साधारण से वॉल्वो तक किराया 15% तक बढ़ा

sawan kumar

बिहार में बस यात्रियों को 1 जून से अधिक किराया चुकाना होगा, क्योंकि परिवहन विभाग ने सभी श्रेणी की बसों के किराये में 10-15% तक बढ़ोतरी की है। डीजल, रखरखाव और परिचालन लागत बढ़ने के कारण करीब पांच साल ब

1 जून से बिहार में बस सफर होगा महंगा

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

पटना -   बिहार में बस यात्रियों को अब सफर के लिए पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा। राज्य परिवहन विभाग ने साधारण, डीलक्स, एसी और वॉल्वो समेत सभी श्रेणी की बसों के किराये में संशोधन करते हुए नई दरें लागू करने का निर्णय लिया है। विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार बढ़ी हुई किराया दरें 1 जून 2026 से पूरे राज्य में प्रभावी हो जाएंगी। अधिकारियों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में डीजल की कीमतों, वाहनों के रखरखाव, स्पेयर पार्ट्स और अन्य परिचालन खर्चों में लगातार वृद्धि हुई है, जिसके कारण किराये में बदलाव आवश्यक हो गया था। लगभग पांच वर्ष बाद बस किराये में यह संशोधन किया गया है। नई व्यवस्था के तहत किराये में औसतन 10 से 15 प्रतिशत तक की वृद्धि की गई है।

हाईलाइट्स - 

साधारण, डीलक्स और वॉल्वो बसों के लिए नई दरें तय

नई किराया सूची के अनुसार साधारण बसों में 50 किलोमीटर तक की यात्रा के लिए प्रति किलोमीटर किराया 1.50 रुपये से बढ़ाकर 1.73 रुपये कर दिया गया है। दूरी बढ़ने के साथ प्रति किलोमीटर दर में कुछ कमी रखी गई है, ताकि लंबी दूरी के यात्रियों पर अतिरिक्त भार कम पड़े। 100 किलोमीटर तक यात्रा करने वालों के लिए नई दर 1.71 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित की गई है, जबकि 250 से 300 किलोमीटर या उससे अधिक दूरी पर यह दर करीब 1.65 रुपये प्रति किलोमीटर रहेगी। वहीं डीलक्स बसों का किराया 1.87 रुपये से बढ़ाकर 1.96 रुपये प्रति किलोमीटर तक निर्धारित किया गया है। वॉल्वो बसों में 50 किलोमीटर तक के सफर पर 2.88 रुपये प्रति किलोमीटर किराया देना होगा। इसी प्रकार 100 किलोमीटर तक 2.85 रुपये, 200 किलोमीटर तक 2.80 रुपये और 300 किलोमीटर से अधिक दूरी की यात्रा के लिए 2.75 रुपये प्रति किलोमीटर की दर लागू होगी।

सिटी बस सेवा भी महंगी, नियमों के पालन के निर्देश

राजधानी समेत विभिन्न शहरों में चलने वाली सिटी बस सेवाओं का किराया भी संशोधित किया गया है। नई व्यवस्था के तहत शुरुआती चार किलोमीटर तक यात्रा के लिए प्रति किलोमीटर 1.84 रुपये तथा उसके बाद प्रत्येक दो किलोमीटर की दूरी पर 1.73 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया लिया जाएगा। परिवहन विभाग ने सभी बस संचालकों को नई किराया सूची का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया है। साथ ही बस स्टैंडों और बसों के भीतर नई दरों की सूची प्रदर्शित करना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि यात्रियों को सही जानकारी मिल सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित दर से अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर संबंधित बस ऑपरेटरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नई दरों के लागू होने के बाद राज्यभर में रोजाना बस से यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के मासिक खर्च में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

इसे भी पढ़ें - एलपीजी संकट के बीच बड़ी राहत! जून तक पीएनजी कनेक्शन पर मिलेगी 500 रुपये की मुफ्त गैस