न्यूज 11 भारत/ बिहार डेस्क (राहुल, शेरघाटी) बिहार में सख्त शराबबंदी कानून के बावजूद तस्कर नए-नए हथकंडे अपनाकर शराब की बड़ी खेप खपाने की कोशिश में जुटे हैं। ताजा मामले में, पुलिस ने डोभी-चतरा मुख्य मार्ग पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 16 चक्का ट्रक से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। यह खेप हरियाणा से चलकर राजधानी पटना पहुंचने वाली थी, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी ने इसे रास्ते में ही विफल कर दिया।
गुप्त सूचना पर बहेरा थाना गेट के पास बिछाया जाल
पुलिस को गोपनीय जानकारी मिली थी कि एक 16 चक्का ट्रक (हरियाणा नंबर) चतरा के रास्ते बिहार में प्रवेश करने वाला है, जिसमें भारी मात्रा में शराब लदी है। सूचना मिलते ही बहेरा थानाध्यक्ष के नेतृत्व में थाना गेट के समीप सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान संदिग्ध ट्रक को रुकवाकर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस के भी होश उड़ गए। ट्रक के भीतर विभिन्न ब्रांडों की कुल 9783 लीटर विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी।
हरियाणा के रहने वाले चालक और उपचालक गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से ट्रक के चालक और उपचालक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरियाणा के सोनीपत जिला अंतर्गत गन्नौर थाना क्षेत्र के उदेशपुर निवासी रजनेश कुमार (पिता ओमप्रकाश) और अजय कुमार (पिता जगबीर) के रूप में हुई है। पुलिसिया पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि शराब की यह खेप पटना में किसी बड़े सिंडिकेट को डिलीवर की जानी थी।

तस्करी के बड़े नेटवर्क को खंगालने में जुटी पुलिस
पकड़े गए आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह एक बड़े अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह का हिस्सा हो सकता है। अब पुलिस इस बात की गहराई से तफ्तीश कर रही है कि शराब की सप्लाई पटना में किसे दी जानी थी और इस गिरोह के पीछे मुख्य सरगना कौन है।