Bihar News: बिहार के हर जिले में होगा एयरपोर्ट, यहां जानिए सम्राट सरकार का नया प्लान

Rani Thakur

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि राज्य सरकार सभी जिलों में हवाई संपर्कता को विकसित करने के लिए रोडमैप तैयार कर रही है। इसका उद्देश्य बिहार को एक अग्रणी नागरिक उड्डयन केंद्र के रूप में विकसित करना है।<br/><br/>

बिहार के हर जिले में होगा एयरपोर्ट

न्यूज 11 भारत / पटन डेस्क: बिहार में नागरिक उड्डयन का तेजी से विकास हो रहा है। सरकार का उद्देश्य अगले पांच वर्षों में हवाई संपर्कता को 10 गुना बढ़ाना है। यह बातें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी जिलों में हवाई संपर्कता को विकसित करने के लिए रोडमैप तैयार कर रही है। बिहार को एक अग्रणी नागरिक उड्डयन केंद्र के रूप में विकसित करना है, जिसमें सुरक्षित, निर्बाध और टिकाऊ संपर्क हो। 

पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा 

राज्य में हवाई संपर्कता बढ़ने से पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को नई उड़ान मिलेगी। साथ ही यहां रोजगार के नये अवसर भी उपलब्ध होंगे। मुख्यमंत्री ने लोक सेवक आवास, एक अणे मार्ग में नागर विमानन विभाग, भारत सरकार तथा सिविल विमानन विभाग, बिहार सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की और विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया। साथ ही अधिकारियों को कई निर्देश भी दिये। 

अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनेगा दरभंगा एयरपोर्ट

बैठक में नागर विमानन मंत्रालय, भारत सरकार के सचिव समीर कुमार सिन्हा ने पटना हवाई अड्डे के रनवे विस्तार एवं क्षमता वृद्धि को लेकर अपना सुझाव रखा। साथ ही दरभंगा हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाना, अजगैबीनाथ धाम ग्रीनफिल्ड हवाई अड्डा परियोजना, पूर्णिया हवाई अड्डा के स्थाई सिविल एन्क्लेव का निर्माण, मुजफ्फरपुर-वाल्मीकिनगर, सहरसा एवं बीरपुर हवाई अड्डे का विकास, संशोधित उड़ान योजना के अन्तर्गत बिहार को प्राथमिकता, अतिरिक्त हवाई अड्डों को उड़ान योजना में शामिल करना, फारबिसगंज हवाई अड्डे का उन्न्यन, राज्य की हवाई पट्टियों का तकनीकी मानकों के अनुसार विकास जैसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। 

तेजी से होगा पटना एयरपोर्ट रनवे का विस्तार 

सीएम सम्राट ने पदाधिकारियों से कहा कि पटना हवाई अड्डे के रनवे के विस्तार एवं क्षमता वृद्धि को लेकर तेजी से काम करें। राज्य सरकार नागर विमानन मंत्रालय को पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि दरभंगा हवाई अड्डे को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा मिल जाने पर अंतरराष्ट्रीय यात्रियों की संभावनाएं बढ़ेंगी।