न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अजीत कुमार / कैमूर: बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के तुलसीपुर डेरा स्थित काली माता मंदिर के पूरब शुक्रवार की सुबह को एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका है कि हत्या कर शव को यहां फेंका गया है।
चेहरा जलाया, पहचान मुश्किल
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतक की उम्र करीब 55 वर्ष बताई जा रही है। शव का चेहरा किसी लिक्विड से जलाया गया है, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
हत्या कर फेंकने की आशंका
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। किसी अन्य जगह हत्या कर शव को सुनसान जगह पर फेंका गया है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
कई बिंदुओं पर जांच
मोहनिया थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है। हत्या के कारणों और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। मोहनिया और आसपास के क्षेत्रों से अगर कोई व्यक्ति कुछ दिनों से लापता है तो तुरंत मोहनिया थाना से संपर्क करें।।