Bihar News: लफंगों ने पहले छात्राओं से की छेड़खानी, विरोध करने पर किया पथराव, क्या कर रही पुलिस!

Rani Thakur

बिहार के कटिहार में छेड़खानी का विरोध करने पर दबंगों ने पीड़ित परिवार पप पत्थरबाजी कर दी। इस घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

कटिहार में छेड़खानी का विरोध करने पर पथराव

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: बिहार के कटिहार जिले के नगर थाना क्षेत्र के डहेरिया लक्ष्मण टोला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां दो लड़की कोचिंग से पढ़ कर घर जा रही थी, इस दौरान कुछ स्थानीय युवकों ने दोनों लड़कियों के साथ हाथ पकड़ कर छेड़खानी की। वहीं इस छेड़खानी का विरोध करना पीड़ित परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि मनचलों की हरकत का विरोध करने पर दबंगों ने पीड़ित परिवार पर रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर जमकर पत्थरबाजी कर दिया। जिसमें कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 

छेड़खानी का विरोध करने पर पत्थरबाजी

मिली जानकारी के अनुसार, इलाके की 2 लड़की के साथ कुछ स्थानीय युवकों द्वारा सरेराह छेड़खानी की गई। पीड़िता लड़कियों ने घर पहुंचकर घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिवार के लोग मामले का विरोध और शिकायत करने पहुंचे। लेकिन आरोप है,कि इसी बात से नाराज होकर आरोपित पक्ष ने पीड़ित परिवार पर रेलवे ट्रैक से पत्थर उठाकर पत्थरबाजी शुरू कर दिया। 

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

इस पत्थरबाजी में लड़की के पिता और भाई बुरी तरह घायल हो गए। घटना में एक लड़की के पिता का सिर फट गया। वहीं दूसरी लड़की के पिता समेत अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।