न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अश्मित सिन्हा (संवाददाता) / पटना: बिहार पुलिस को जून में करीब 22 हजार नए सिपाही मिलेंगे। इससे विधि-व्यवस्था कार्य से लेकर डायल-112 तक क्षमता वृद्धि होगी। यह सभी सिपाही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) कानून लागू होने के बाद नए प्रशिक्षण कोर्स के तहत ट्रेंड हैं।
मई महीने में पूरी होगी ट्रेनिंग
पिछले नौ महीने से चल रहा सिपाहियों का प्रशिक्षण मई महीने में पूरा हो जाएगा। इसके बाद जून में पासिंग आउट परेड होगी और फिर नव प्रशिक्षित सिपाहियों की सेवा जून महीने के अंत तक संबंधित जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को सौंप दी जाएगी।
जुलाई में मिलेंगे 5400 नए एएसआई
जुलाई में ही राज्य को 5400 नए एएसआई भी मिलने की संभावना है। सिपाही से प्रोन्नति की परीक्षा पास करने के बाद इनको एएसआई बनाया जायेगा। बता दें कि बिहार पुलिस में 22 हजार से अधिक सिपाहियों के प्रशिक्षण की शुरुआत पिछले साल जुलाई महीने में 54 केंद्रों पर हुई थी। सीटीसी नाथनगर, 33 जिला पुलिस लाइनों के अतिरिक्त 15 बी-सैप केंद्र पर सिपाहियों का प्रशिक्षण चल रहा है। इसके साथ ही दो सीआरपीएफ और तीन एसएसबी केंद्रों पर भी सिपाहियों को प्रशिक्षण दिया गया है। लगभग 270 दिनों के प्रशिक्षण के साथ होली, दशहरा आदि पर्व-त्योहारों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी मिला है।
नए सिलेबस पर डिजिटल पुलिसिंग का प्रशिक्षण
देशभर में तीन नए आपराधिक कानून लागू होने के बाद इनका पूर्ण प्रशिक्षण लेकर निकलने वाले सिपाहियों का यह पहला बैच होगा। जान लें कि इनके प्रशिक्षण को लेकर बिहार पुलिस ने नया सिलेबस भी तैयार किया था। इसमें सीसीटीएनएस, ई-एफआईआर, ई-साक्ष्य, वीवीआईपी सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, साइबर अपराध, डायल-112 समेत डिजिटल पुलिसिंग का भी प्रशिक्षण शामिल रहा।