सहरसा के नंदलाली चौक पर छात्र का शव लावारिस हालत में मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

News11 Bharat

न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क:
खबर बिहार के सहरसा से है, जहां नंदलाली मुख्य मार्ग पर एक छात्र का शव सड़क किनारे लावारिस हालत में पड़ा मिला. स्थानीय लोगों की नजर जब युवक पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल उसे इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक की पहचान बिहरा थाना क्षेत्र के सत्तर गांव वार्ड संख्या-02 निवासी मिश्री राम के 21 वर्षीय पुत्र राहुल कुमार के रूप में हुई है. राहुल सहरसा एमएलटी कॉलेज का छात्र था और रोजाना सुबह करीब 5 बजे अपने गांव से मोटरसाइकिल से सहरसा शहर कोचिंग पढ़ने के लिए निकला करता था.

परिजनों ने बताया कि गुरुवार सुबह भी राहुल रोज की तरह बाइक से घर से निकला था, लेकिन करीब 7 बजे सूचना मिली कि वह नंदलाली मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़ा है. सूचना मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. राहुल की अचानक हुई मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों ने आशंका जताई है कि यह सड़क हादसा है या फिर किसी साजिश के तहत की गई हत्या, इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. वहीं सदर थाना के सब-इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़े: गोपालगंज: झाड़ियों में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी, हत्या की आशंका