अस्पताल के कमरे में मिला महिला कर्मचारी का शव, विवाद के बाद हत्या का आरोप 

Rani Thakur

पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित गंगा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर में कार्यरत एक महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। 

अस्पताल से महिला कर्मचारी का शव बरामद

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क 
सागर शुक्ला / बेतिया :
पश्चिमी चम्पारण जिले के बेतिया शहर के हॉस्पिटल रोड स्थित गंगा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर में कार्यरत एक महिला कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला का शव अस्पताल के ऊपरी कमरे से मिलने के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और कुछ कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाया। सूचना पर सदर एसडीपीओ अजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की बहन रीता देवी ने बताया कि उनकी बहन ममता कुमारी पिछले करीब पांच वर्षों से गंगा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल एवं ट्रामा सेंटर में डॉ. संतोष कुमार सिंह और डॉ. रूबी के साथ कार्यरत थी। उनके अनुसार, घटना से दो दिन पहले अस्पताल में विवाद हुआ था। ममता ने बताया था कि एक अन्य कर्मचारी नौकरी छोड़कर चली गई थी तथा वेतन भुगतान और गाली-गलौज को लेकर भी विवाद हुआ था।

परिजनों के अनुसार, घटना वाली रात ममता से बातचीत हुई थी, लेकिन अगले दिन सुबह से उसका मोबाइल बंद मिलने लगा। दोपहर में जब वे अस्पताल पहुंचे तो स्टाफ ने बताया कि वह कहीं गई है। खोजबीन के दौरान अस्पताल के ऊपरी कमरे में उसका शव मिला। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल के कुछ कर्मचारियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए डायल 112 पर सूचना दी।

वहीं, अस्पताल संचालक डॉ. संतोष कुमार सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि ममता पिछले छह-सात वर्षों से अस्पताल में कार्यरत थी और परिवार के सदस्य की तरह वरिष्ठ कर्मचारी थी। उन्होंने बताया कि घटना की रात करीब 10 बजे तक वह मरीजों की देखभाल और दवा देने का कार्य कर रही थी। सुबह अस्पताल में नहीं दिखने पर लगा कि वह घर चली गई होगी। मोबाइल पर संपर्क नहीं होने पर परिजनों से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया।

डॉ. संतोष कुमार सिंह ने कहा कि परिजनों के साथ ऊपरी कमरे में देखने पर शव मिला। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दी गई है तथा अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज सहित सभी आवश्यक साक्ष्य पुलिस को उपलब्ध कराए जाएंगे। उनका कहना है कि मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

सदर एसडीपीओ अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।