सहरसा शिक्षा भवन में भीषण आग: डीईओ कार्यालय के मीटिंग हॉल का सामान जलकर राख, लाखों की क्षति

Rani Thakur

सहरसा जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय परिसर स्थित शिक्षा भवन की दूसरी मंजिल पर आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस अग्निकांड में मीटिंग हॉल में रखी कई चीजें जलकर राख हो गई।

सहरसा शिक्षा भवन में भीषण आग

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
इन्द्रदेव / सहरसा:
जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय परिसर स्थित शिक्षा भवन की दूसरी मंजिल पर मंगलवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से मीटिंग हॉल में रखे कंप्यूटर, एलईडी स्क्रीन, टेबल, कुर्सियां और अन्य फर्नीचर जलकर नष्ट हो गए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार घटना में तीन लाख रुपये से अधिक की संपत्ति का नुकसान हुआ है।

मीटिंग हॉल में लगी आग

जानकारी के अनुसार सुबह करीब साढ़े आठ बजे शिक्षा भवन के मीटिंग हॉल में आग लग गई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगते ही कार्यालय कर्मियों में हड़कंप मच गया और विभागीय कर्मचारियों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन आग तेजी से फैल गई।

बड़ा नुकसान टला 

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां और डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। समय रहते आग को नियंत्रित कर लिए जाने से भवन के अन्य हिस्सों में आग फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।

महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें सुरक्षित 

अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि आग सभा कक्ष और मीटिंग हॉल तक ही सीमित रही। कंप्यूटर, एलईडी स्क्रीन और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा है, लेकिन किसी महत्वपूर्ण सरकारी फाइल के जलने की सूचना नहीं है। डायल-112 में तैनात सब इंस्पेक्टर रमेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और अग्निशमन विभाग के साथ राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि क्षति का विस्तृत आकलन कराया जा रहा है।