दीक्षांत परेड में शामिल होने जा रहा था परिवार, स्कॉर्पियो पलटने से महिला समेत 5 घायल

Rani Thakur

सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। <br/>

घायलों का इलाज जारी

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
इन्द्रदेव / सहरसा :
सहरसा जिले के बलवाहाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए सहरसा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

हायर सेंटर रेफर किए गए दो 

घायलों में जमुई जिले के लक्ष्मीपुर वार्ड संख्या-7 निवासी पंकज चौधरी (45), उनकी पत्नी अंजू कुमारी (42), भाई रामकुमार चौधरी (40) तथा पुत्र करण कुमार (19) और राजकुमार (18) शामिल हैं। सदर अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार पंकज चौधरी और उनके पुत्र करण कुमार को पैरों एवं मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

समारोह में पहुंचने से पहले हुआ हादसा

घायल रामकुमार चौधरी ने बताया कि वे अपने भतीजे विवेक कुमार के दीक्षांत परेड समारोह में शामिल होने के लिए सहरसा आ रहे थे। विवेक बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर सहरसा पुलिस लाइन में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहा है और शुक्रवार को उसका पासिंग आउट परेड कार्यक्रम आयोजित था। लेकिन समारोह में पहुंचने से पहले ही परिवार सड़क हादसे का शिकार हो गया।

जमुई से सहरसा जा रहा था परिवार 

जानकारी के अनुसार परिवार शुक्रवार सुबह स्कॉर्पियो वाहन से जमुई से सहरसा के लिए निकला था। इसी दौरान बरियाही-सिमरी बख्तियारपुर मुख्य मार्ग पर मदनपुर चौक के समीप तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन सवार सभी लोग घायल हो गए।

मामले की जांच में जुटी पुलिस 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। बलवाहाट थाना अध्यक्ष राजू कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में एक ही परिवार के पांच सदस्य घायल हुए हैं। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होने से हादसा होने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।