बिहार में बाढ़ का खतरा, नेपाल की बारिश से उफान पर कोसी-गंडक

Rani Thakur

बिहार के साथ ही नेपाल में हो रही बारिश के कारण बिहार की कई नदियां उफान पर हैं। कोसी, गंडक, कमला सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

AI Generated Image

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार के साथ ही नेपाल में हो रही बारिश के कारण बिहार की कई नदियां उफान पर हैं। कोसी, गंडक, कमला सहित कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मंगलवार को इस साल का सबसे अधिक पानी इन नदियों में रिकॉर्ड किया गया। पटना में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने लगा है। वाल्मीकिनगर गंडक बराज के भी सभी 36 फाटक आंशिक रूप से खोल दिए गए और बराज से 1 लाख 75,000 लाख क्यूसेक पानी नदी में छोड़ा गया। इससे वाल्मीकिनगर जंगल समेत आसपास के निचले इलाकों में पानी फैल गया।

7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट 

जल संसाधन विभाग के अनुसार कोसी के बराहक्षेत्र में एक लाख 26 हजार क्यूसेक से अधिक पानी रिकार्ड किया गया जो इस साल का सर्वाधिक है। मौसम विभाग ने बिहार के कई जिलों में अगले 7 दिन भारी बारिश का अलर्ट है। 15 जुलाई को किशनगंज, पश्चिम चंपारण और अररिया में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

आगे कैसा रहेगा मौसम 

मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक बिहार के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। राज्य के अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। फिलहाल व्यापक स्तर पर किसी बड़े मौसम बदलाव की संभावना नहीं है, इसलिए बारिश का स्वरूप स्थान-स्थान पर अलग रहेगा। कई जिलों में उमस भी बनी रहेगी और गरज-चमक के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।