बिहार में लापता युवक की ईंट-पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या, शव मिलते ही इलाके में मचा हड़कंप

Anshuman Parashar

गया के बेलागंज में लापता शांतनु की पत्थर से कूचकर निर्मम हत्या। शेरपुर गांव के बधार में मिला शव, इलाके में दहशत। पुलिस जांच में जुटी।

न्यूज 11 भारत/ बिहार डेस्क (अभिषेक , गया जी)बिहार के गया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बेलागंज थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। शुक्रवार की सुबह गांव के ही बधार में युवक का शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान शेरपुर निवासी मुकेश कुमार के पुत्र शांतनु कुमार उर्फ बहादुर के रूप में हुई है।

गुरुवार से लापता था शांतनु

जानकारी के अनुसार, शांतनु गुरुवार से ही लापता था। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की और सगे-संबंधियों के यहाँ भी पूछताछ की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। शुक्रवार की सुबह जब ग्रामीण बधार की ओर गए, तो वहां शांतनु का शव पड़ा देख उनके होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

बेरहमी की हदें पार: ईंट-पत्थर से कुचला चेहरा

शव की स्थिति को देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और डर है। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने युवक की हत्या बेहद क्रूरता के साथ की है। आशंका जताई जा रही है कि ईंट और पत्थरों से कूच-कूचकर उसकी जान ली गई। घटनास्थल पर बिखरे खून और युवक की हालत देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस जांच और पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही बेलागंज थाना के अपर थानाध्यक्ष कमलेश पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया और साक्ष्य एकत्रित किए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

जल्द होगा मामले का खुलासा

इस हत्याकांड के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने आसपास के लोगों और परिजनों से पूछताछ शुरू कर दी है ताकि हत्या के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।