बिहार से मुंबई जाने वाली इन ट्रेनों में बढ़ीं जनरल बोगियां, यात्रियों को भीड़ से मिलेगी राहत

Rani Thakur

बिहार के भागलपुर और गोड्डा से मुंबई जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ को कम करने के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है। रेलवे के एनुसार इन ट्रेनों में दो-दो अतिरिक्त जनरल बोगियां जोड़ी गई हैं। <br/>

सांकेतिक तस्वीर

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क: भागलपुर और गोड्डा से मुंबई (एलटीटी) जाने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ और लंबी कतारों को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन ने गाड़ी संख्या 12335/36 भागलपुर-एलटीटी एक्सप्रेस और गाड़ी संख्या 22311 गोड्डा-एलटीटी एक्सप्रेस में दो-दो अतिरिक्त जनरल बोगियां (सामान्य कोच) जोड़ने का निर्णय लिया है।

अब छह जनरल कोच के साथ चलेंगी ट्रेनें

दो अतिरिक्त बोगियां जुड़ने के बाद इन दोनों ट्रेनों में जनरल कोच की संख्या चार से बढ़कर छह हो जाएगी। हालांकि, इसके लिए ट्रेन में लगे दो स्लीपर कोच कम कर दिए गए हैं। अब यह ट्रेन सात की जगह पांच स्लीपर कोच के साथ चलाई जाएगी। भागलपुर-एलटीटी एक्सप्रेस में 23 जून से और गोड्डा-एलटीटी एक्सप्रेस में 21 जून से यह नई व्यवस्था लागू हो जाएगी।

भीड़ और लंबी कतारों से मिलेगी मुक्ति

वर्तमान में इन ट्रेनों में जनरल टिकट पर सफर करने के लिए यात्रियों को रात से ही लाइन में लगना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि 400 यात्रियों की क्षमता वाली जनरल बोगियों में 900 से 1100 लोग सवार हो रहे हैं। बोगियां खचाखच भरी रहने के कारण मुंबई जैसी लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को भारी परेशानी हो रही थी, लेकिन अब दो और बोगियां जुड़ने से यात्रियों को सीट के लिए मारामारी नहीं करनी पड़ेगी।

अब 10 जुलाई तक चलेगी भागलपुर-कटिहार स्पेशल ट्रेन 

भागलपुर से कटिहार के बीच सफर करने वाले दैनिक यात्रियों के लिए भी रेलवे ने सहूलियत बढ़ा दी है। इस रूट पर चलने वाली स्पेशल ट्रेन के परिचालन की अवधि को अब 10 जुलाई तक के लिए बढ़ा दिया गया है। विक्रमशिला सेतु पर भारी वाहनों का परिचालन पूरी तरह से शुरू नहीं होने के कारण इस ट्रेन में रोजाना यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ रही है, जिसे देखते हुए रेलवे ने यह विस्तार दिया है।