न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
सागर शुक्ला / पश्चिम चंपारण : पश्चिम चंपारण के सरिसवा बाजार स्थित भरवलिया गांव से रामगढ़वा शादी के लिए गई बारात उस समय मातम में बदल गई, जब जयमाला से पहले ही दूल्हे की अचानक तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, भरवलिया वार्ड-06 निवासी 25 वर्षीय शक्तिनाथ शर्मा की शादी रामगढ़वा निवासी संतोष शर्मा की पुत्री रघुनी कुमारी से गुरुवार रात राम-जानकी मंदिर में होनी थी।
जयमाला से पहले दूल्हे को पेट दर्द
बताया जाता है कि जयमाला से पूर्व दूल्हे को अचानक पेट में तेज दर्द उठा और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने आनन-फानन में उसे रक्सौल स्थित एसआरपी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। दूल्हे की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं और बारात बिना विवाह के वापस लौट आई।
गांव में कोहराम
शुक्रवार सुबह जैसे ही दूल्हे का शव पैतृक गांव भरवलिया पहुंचा, पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि बड़ी संख्या में ग्रामीण अंतिम दर्शन के लिए जुट गए। इस घटना के कारण सभी मांगलिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
अंधविश्वास से जोड़ते हुए चर्चा
इधर, कुछ लोग इस घटना को अंधविश्वास से जोड़ते हुए तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं और ओझा-गुनी का सहारा लेने की बात कह रहे हैं। वहीं, अस्पताल के चिकित्सकों ने दूल्हे को मृत घोषित करते हुए मृत्यु प्रमाणपत्र जारी कर दिया है।