मुंगेर में बड़ी वारदात टली, फायरिंग की साजिश से पहले तीन आरोपी हथियार समेत गिरफ्तार

Vaibhaw Vikram

मुंगेर में एक बड़ी वारदात होने से पहले ही पुलिस ने फायरिंग की साजिश को नाकाम कर दिया. बरियारपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है.

दिवाकर कुमार/न्यूज11 भारत
मुंगेर/डेस्क:
मुंगेर में एक बड़ी वारदात होने से पहले ही पुलिस ने फायरिंग की साजिश को नाकाम कर दिया. बरियारपुर थाना पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है. मुख्य आरोपित के घर से देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया गया है. पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है.

मामला बरियारपुर थाना क्षेत्र का है. विजयनगर निवासी देवराज कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया था कि 22 जून की रात बाजार से घर लौटने के दौरान सोनू कुमार और उसके साथियों ने उन पर फायरिंग का प्रयास किया. हालांकि तकनीकी खराबी के कारण गोली नहीं चल सकी और उनकी जान बच गई.

शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नामजद आरोपित सोनू कुमार अपने घर पर मौजूद है. सूचना मिलते ही बरियारपुर थाना पुलिस ने जिला आसूचना इकाई और सशस्त्र बल के साथ विजयनगर में छापेमारी की.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसके घर की तलाशी में एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने भागलपुर जिले से राजकुमार और संकित कुमार को भी गिरफ्तार किया.

एसडीपीओ अभिषेक आनंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. मामले में शामिल अन्य आरोपितों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. तीनों गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया चल रही है.

यह भी पढ़ें: किस्को क्षेत्र में अकीदत और एहतराम के साथ निकला हुसैनी जुलूस, "या हुसैन" के नारों से गूंजा इलाका