पटना में बड़ा हादसा: गांधी घाट पर एक साथ डूबीं कई जिंदगियां, 3 लाशें निकलते ही घाट पर मचा हड़कंप!

Anshuman Parashar

पटना के गांधी घाट पर गंगा नदी में नहाने गए 5 युवक डूबे। बचाने उतरे चंदन भी लहरों में समाए। हादसे में कदमकुआं के चंदन, समर और अमित के शव बरामद, जय कुमार अब भी लापता। सर्च ऑपरेशन जारी।

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अस्मित,पटना) बिहार की राजधानी पटना के गांधी घाट पर मंगलवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। यहाँ गंगा नदी में स्नान करने गए पाँच युवक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर उन्हें बचाने की कोशिश में उतरा एक अन्य शख्स भी गंगा की तेज लहरों में समा गया। इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे गांधी घाट पर अफरा-तफरी और हड़कंप मच गया है।

बचाने की कोशिश भी रही नाकाम

स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, युवक गंगा नदी के गहरे पानी का अंदाजा नहीं लगा पाए और एक-एक कर डूबने लगे। उन्हें डूबता देख मौके पर मौजूद चंदन कुमार नाम के शख्स ने अपनी जान की परवाह किए बिना गंगा नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, लहरों का वेग इतना तेज था कि युवकों को बचाने की कोशिश में चंदन कुमार खुद भी डूब गए।

तीन शव बरामद, परिजनों में कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुँची। नदी में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद तीन लोगों के शवों को बाहर निकाल लिया गया है। मृतकों की पहचान कदमकुआं के दरियापुर इलाके के रहने वाले चंदन कुमार, समर कुमार और अमित कुमार के रूप में हुई है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के घर में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक युवक अब भी लापता, सर्च ऑपरेशन जारी

प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में जय कुमार नाम का एक युवक अब भी लापता है। लापता युवक की तलाश के लिए नदी में लगातार रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। स्थानीय गोताखोर और आपदा प्रबंधन की टीमें गंगा की लहरों को खंगालने में जुटी हैं।

प्रशासन ने एक बार फिर आम लोगों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे गंगा नदी के खतरनाक और गहरे घाटों पर जाने से बचें और तैराकी करते समय पूरी सावधानी बरतें।