Bihar News : सफाईकर्मियों की हड़ताल खत्म, मंत्री के साथ बैठक के बाद फैसला

Rani Thakur

सफाई कर्मियों की हड़ताल आज खत्म हो गई है। गुरुवार को सफाईकर्मी संघर्ष समिति के सदस्यों ने मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात की।

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 
अश्मित सिन्हा / पटना :
पूरे बिहार के नगर निकायों में 8 दिनों से जारी सफाईकर्मियों की हड़ताल आज खत्म हो गई है। गुरुवार को सफाईकर्मी संघर्ष समिति के सदस्यों ने मंत्री नीतीश मिश्रा से मुलाकात की। इस मौके पर नगर आयुक्त यशपाल मीणा भी मौजूद थे। इस मौके पर विचार-विमर्श के बाद सहमति बनने पर मंत्री नीतीश मिश्रा और सफाई कर्मियों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाई।

पटना नगर निगम कर्मचारी संयुक्त समन्वय समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश ने कहा कि बिहार के सभी नगर निकाय में काम करने वाले सफाई कर्मी के कल्याण के लिए सरकार वचनबद्ध है। दैनिक कर्मियों को छुट्टी से लेकर ग्रेच्युटी तक की सुविधा दी जाएगी। रिटायरमेंट के बाद उन्हें पेंशन भी मिलेगा। यह सभी सुविधाएं परमानेंट कर्मियों की तरह होगी। 

आउटसोर्स कर्मियों का वेतन उनके अकाउंट में जाएगा। अब आउटसोर्स कर्मियों को बोनस भी मिलेगा, जो आज से पहले नहीं मिलता था। बैठक के बाद मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि सफाई कर्मियों के कल्याण के लिए जो निर्णय लेना होगा वह हम लेंगे। कई मांगों पर सहमति बनी है। वहीं कई मांगों को लेकर समिति बनाई जाएगी उसके बाद फैसला लिया जाएगा।