कूरियर सेवा की आड़ में शराब की तस्करी, सीतामढ़ी पुलिस ने जब्त की 270 लीटर विदेशी शराब

Anshuman Parashar

सीतामढ़ी में कूरियर सेवा की आड़ में शराब तस्करी का बड़ा खुलासा। पुलिस ने 270 लीटर विदेशी शराब के साथ एक नई पिकअप जब्त की। एक तस्कर गिरफ्तार, पुलिस अब संगठित सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगाल रही है।

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क (अमित कुमार, सीतामढ़ी) सीतामढ़ी जिले के बाजपट्टी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब माफियाओं के एक शातिर नेटवर्क का खुलासा किया है। तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए कूरियर कंपनी के सामान की आड़ ली थी, लेकिन गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब के साथ एक पिकअप वैन को जब्त किया है।

कूरियर वैन से निकली हरियाणा निर्मित 'रॉयल स्टैग'

बोहा गांव के समीप की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक पिकअप वाहन की तलाशी ली, जिसमें कूरियर के पैकेटों के पीछे शराब छिपाई गई थी। पुलिस ने वाहन से हरियाणा निर्मित 'रॉयल स्टैग' ब्रांड की 30 कार्टन शराब बरामद की। जब्त की गई शराब की कुल मात्रा 270 लीटर (750 एमएल की 360 बोतलें) बताई जा रही है।

नई गाड़ी और बड़ा सिंडिकेट: पुलिस का खुलासा

जांच में एक चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि तस्करी में इस्तेमाल की गई पिकअप गाड़ी महज एक दिन पहले ही खरीदी गई थी। इससे यह स्पष्ट होता है कि शराब माफिया बेहद संगठित तरीके से नए वाहनों का उपयोग कर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस अब इस पूरे सिंडिकेट के फंडिंग और मास्टरमाइंड का पता लगा रही है।

एक तस्कर गिरफ्तार, चालक फरार

छापेमारी के दौरान अंधेरे का फायदा उठाकर पिकअप चालक भागने में सफल रहा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर एक तस्कर को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुनौरा थाना क्षेत्र के निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार चालक व अन्य संलिप्त लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी है।