आठ वर्षीय बच्ची की संदिग्ध हत्या से सनसनी, दुष्कर्म की आशंका; एफएसएल टीम जांच में जुटी

Rani Thakur

नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बच्ची की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। 

घटनास्थल की तस्वीर

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : नवादा जिले के पकरीबरावां थाना क्षेत्र के एक गांव में आठ वर्षीय बच्ची की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सोमवार रात करीब आठ बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार बच्ची घर के बगल की दुकान से कलम और नमकीन खरीदने गई थी, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटी। 

इसी दौरान लोगों ने उसके चिल्लाने की आवाज भी सुनी। परिजनों को आशंका हुई कि किसी ने बच्ची का अपहरण कर लिया है, जिसके बाद वे आसपास उसकी तलाश में जुट गए। काफी खोजबीन के बाद बच्ची का शव घर से लगभग 500 मीटर पश्चिम दिशा में बरामद हुआ। 

प्रारंभिक आशंका है कि बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या की गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में लगी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।