न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क( अस्मित, पटना) बिहार की राजनीति में वार-पलटवार का दौर तेज हो गया है। बंगाल और तमिलनाडु में चल रहे चुनावी शोर के बीच बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और जेडीयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने एनडीए की जीत का बड़ा दावा किया है। इसके साथ ही विपक्षी नेता तेजस्वी यादव पर लॉ एंड ऑर्डर को लेकर तीखे हमले बोले गए हैं।
बंगाल और तमिलनाडु में सत्ता विरोधी लहर: विजय चौधरी
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने बंगाल और तमिलनाडु के चुनावी हालातों पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इन दोनों ही राज्यों में वर्तमान सरकारों के खिलाफ जबरदस्त वोटिंग की सूचना मिल रही है। उन्होंने दावा किया कि वहां एनडीए की स्थिति लगातार मजबूत हो रही है और जनता बदलाव के मूड में है। तेजस्वी यादव द्वारा बिहार की कानून व्यवस्था पर उठाए जा रहे सवालों का जवाब देते हुए विजय चौधरी ने तंज कसा कि उन्हें बिहार का लॉ एंड ऑर्डर कभी सही नहीं लगा, शायद उन्हें अपना 'पुराना राज' ही सही लगता था।
हताश है विपक्ष, हंसते-हंसते मिलेगा बहुमत: श्रवण कुमार
जेडीयू विधायक दल के नेता और पूर्व मंत्री श्रवण कुमार ने भी एनडीए की जीत का भरोसा जताते हुए कहा कि बंगाल और तमिलनाडु की वर्तमान सरकारें हताश और निराश हैं। उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नापाक इरादे कभी कामयाब नहीं होंगे। बिहार में होने वाले फ्लोर टेस्ट पर आत्मविश्वास दिखाते हुए श्रवण कुमार ने आंकड़ों का खेल समझाया। उन्होंने कहा कि "एक तरफ 202 है और दूसरी तरफ महज 35", ऐसे में सम्राट सरकार को बहुमत हंसते-हंसते मिलेगा। क्रॉस वोटिंग की संभावनाओं पर उन्होंने विपक्षी खेमे को ही घेरे में खड़ा किया।
तेजस्वी के आरोपों पर विजेंद्र यादव का कड़ा पलटवार
कानून व्यवस्था के मुद्दे पर तेजस्वी यादव को घेरते हुए श्रवण कुमार ने याद दिलाया कि बिहार की जनता उनके माता-पिता के शासनकाल (लालू-राबड़ी दौर) को देख चुकी है, इसलिए उन्हें ऐसी बातें शोभा नहीं देतीं। वहीं, बिहार के उपमुख्यमंत्री विजेंद्र यादव भी तेजस्वी पर जमकर बरसे। उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए सीधे लहजे में पूछा कि "तेजस्वी यादव खुद क्या हैं?", उनके विषय में ही जनता से पूछ लेना चाहिए कि उनकी अपनी हकीकत क्या है।