नए रूप में निखरेगा बिहार का यह शहर, पर्यटन के रूप में विकसित करेगा विश्व बैंक

Rani Thakur

मुजफ्फरपुर शहर को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इसको लेकर टीम ने लेकफ्रंट, रिवरफ्रंट और सेटेलाइट टाउनशिप समेत कई परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।<br/>

AI Generated Image

न्यूज 11 भारत / पटना डेस्क : बिहार शहरी परिवर्तन कार्यक्रम के तहत विश्व बैंक की मदद से मुजफ्फरपुर शहर को आधुनिक, स्वच्छ और पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाएगा। रविवार को विश्व बैंक की टीम ने नगर निगम एवं मुजफ्फरपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारियों के साथ शहर की विभिन्न प्रस्तावित विकास परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।

बनेगा लेकफ्रंट, रिवरफ्रंट और सेटेलाइट टाउनशिप 

लेकफ्रंट, रिवरफ्रंट और सेटेलाइट टाउनशिप सहित कई महत्वाकांक्षी विकास परियोजनाओं को परखी और मुजफ्फरपुर के भविष्य की तस्वीर खींची। निरीक्षण के साथ-साथ परियोजनाओं की व्यवहार्यता, वर्तमान स्थिति एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की।

डेवलप होंगी ये सुविधाएं

टीम ने निरीक्षण की शुरुआत सिकंदरपुर लेकफ्रंट से की। टीम ने यहां लेक-1 के समीप छोटे वाटर पार्क, लेक-2 के मध्य आधुनिक एक्वेरियम, धोबी घाट के पास आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आवासीय परिसर, मरीन ड्राइव के समीप वाटर फाउंटेन एवं लेजर शो, झील के जल संरक्षण के लिए वाटर एरेटर तथा करबला रोड पर आर्च ब्रिज के निर्माण की संभावनाओं का जायजा लिया।

बूढ़ी गंडक नदी का निरीक्षण 

इसके बाद टीम ने लकड़ीढाही पुल से दादर पुल तक बूढ़ी गंडक नदी का निरीक्षण कर प्रस्तावित रिवरफ्रंट परियोजना पर चर्चा की। साथ ही प्रस्तावित सेटेलाइट टाउनशिप क्षेत्र का भ्रमण कर भूमि की उपलब्धता, वर्तमान स्थिति एवं विकास की संभावनाओं की समीक्षा की। नगर आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी कंपनी के प्रबंध निदेशक ऋतुराज प्रताप सिंह ने कहा कि लेकफ्रंट, रिवरफ्रंट एवं सेटेलाइट टाउनशिप जैसी परियोजनाएं मुजफ्फरपुर के समग्र विकास को नई दिशा देंगी। इन योजनाओं के पूरा होने से शहर में आधुनिक नागरिक सुविधाएं बढ़ेंगी, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा लोगों को बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होंगे।