छत्तीसगढ़

चैत्र नवरात्रि मेला 2026:मां बम्लेश्वरी मंदिर में तैयारियां तेज,कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश

Chaitra Navratri Fair: चैत्र नवरात्रि मेले को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। माँ बम्लेश्वरी मंदिर में 19 मार्च 2026 से प्रारंभ हो रहे मेले को लेकर कलेक्टर जितेन्द्र यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई। जिसमें श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा,स्वास्थ्य सेवाओं तथा कानून-व्यवस्था को लेकर विस्तृत रणनीति तय की गई। बैठक में विधायक हर्षिता बघेल और पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

[caption id="attachment_138378" align="alignnone" width="1187"] कलेक्टर ने दिए आवश्यक निर्देश[/caption]

पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया

बैठक में कलेक्टर ने कहा कि नवरात्रि के दौरान लाखों श्रद्धालु डोंगरगढ़ आते हैं, ऐसे में उनकी सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई और यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर चिकित्सा विभाग को ओआरएस घोल, आवश्यक दवाइयों और मरहम-पट्टी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।

ट्रस्ट से आवश्यक जानकारी ली गई

Chaitra Navratri Fair:  मंदिर के ऊपर और नीचे डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती रहेगी।कानून-व्यवस्था के मद्देनजर मेला स्थल और मंदिर परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सतत निगरानी की जाएगी। रोपवे के फिटनेस सर्टिफिकेट और मेंटेनेंस की समीक्षा की गई और ट्रस्ट से आवश्यक जानकारी ली गई।

विभिन्न विभागों के बीच समन्वय कर व्यवस्थाओं की निगरानी

खाद्य सुरक्षा विभाग को मिष्ठान्न और अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं। डोंगरगढ़ को प्लास्टिक मुक्त रखने और मंदिर परिसर व सीढ़ियों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। मेले की संपूर्ण व्यवस्था के लिए कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से विभिन्न विभागों के बीच समन्वय कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जाएगी।