भारत मौसम विभाग ने महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबक

महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर में 300 मिलीमीटर तक बारिश की आशंका, रेड अलर्ट जारी। बारिश से लैंडस्लाइड और मकानों की क्षति का खतरा

देशभर में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और कई राज्यों में भारी से अति भारी बारिश का दौर जारी है। महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में अगले 24 घंटों में 300 मिमी तक बारिश की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने बादल फटने की आशंका भी व्यक्त की है। उधर रत्नागिरी में लैंडस्लाइड से मकान का हिस्सा ढह गया, जबकि कई अन्य राज्यों में भी भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

नासिक और त्र्यंबकेश्वर में रेड अलर्ट

महाराष्ट्र के नासिक और त्र्यंबकेश्वर क्षेत्र में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 24 घंटों में 300 मिमी तक वर्षा की संभावना जताई है। इसके साथ ही क्षेत्र में बादल फटने जैसी स्थिति बनने की आशंका को देखते हुए रेड अलर्ट जारी किया गया है।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नासिक जिले के सभी स्कूल और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। वहीं प्रसिद्ध त्र्यंबकेश्वर मंदिर और साढ़े तीन शक्तिपीठों में शामिल सप्तश्रृंगी मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए अस्थायी रूप से बंद रखा गया है।

रत्नागिरी में लैंडस्लाइड, राहत अभियान जारी

रत्नागिरी जिले के शेलारवाड़ी क्षेत्र में भारी बारिश के कारण लैंडस्लाइड हुआ, जिससे एक मकान का हिस्सा ढह गया। हादसे में एक महिला को सुरक्षित निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि दो अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।