झारखंड

भतीजे ने टांगी से की बड़े पिताजी की हत्या, ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

अमित दत्ता/न्यूज़11 भारत  खूंटी/डेस्क: अड़की थाना क्षेत्र के सुदूरवर्ती तोडांग पंचायत के कोरवा स्थित घाटोआड़ा टोले में रविवार की देर रात एक सनसनीखेज वारदात हुई. सगे भतीजे ने अपने बड़े पिताजी की टांगी से हमला कर निर्मम हत्या कर दी. जानकारी के अनुसार, आरोपी सुगना लोहरा ने अपने पिता के बड़े भाई गन्सा लोहरा (उम्र 50 वर्ष) पर टांगी से वार किया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक के छोटे बेटे ने रात में शोर सुनकर जब कमरे में देखा, तो उनके पिता खून से लथपथ पड़े थे. ग्रामीणों को बुलाने से पहले ही उन्होंने दम तोड़ दिया.

वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया, लेकिन सुबह ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया. सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रवीण तिवारी दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और कागजी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने आरोपी के घर से लकड़ियों के ढेर में छुपाकर रखी गई खून से सनी टांगी भी बरामद की है.

मृतक के छोटे पुत्र ने बताया कि आरोपी सुगना लोहरा अक्सर शराब के नशे में अपनी पत्नी से मारपीट करता था. कुछ दिन पूर्व परिजनों ने उसे घर से निकाल दिया था. इस पर मृतक गन्सा लोहरा ने उसे समझाने की कोशिश की थी, जिससे वह नाराज चल रहा था. इसी रंजिश में उसने आवेश में आकर अपने बड़े पिताजी की हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है. 

यह भी पढ़े: नशा मुक्ति और सड़क सुरक्षा का दमदार संदेश: सरायकेला-खरसावां के गांवों में कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक से फैलाई जागरूकता