वेनेजुएला की राष्ट्रपति ने अमेरिकी आरोपों को नकारा, तेल पर नियंत्रण का आरोप
वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका ओर से लगाए गए ड्रग्स, लोकतंत्र और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों को झूठा बताते हुए कहा कि इनका असली मकसद देश के तेल संसाधनों पर कब्जा करना है। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला ऐसे ऊर्जा संबंधों के लिए खुला है, जिनमें सभी देशों को लाभ हो और सहयोग स्पष्ट व्यावसायिक समझौतों पर आधारित हो।

वेनेजुएला की कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अमेरिका की ओर से लगाए गए नशीली दवाओं की तस्करी, लोकतंत्र और मानवाधिकार उल्लंघन के आरोपों की आलोचना की और उन्हें झूठा करार दिया। उन्होंने कहा कि इन सभी आरोपों का इस्तेमाल एक ही असली मकसद को छिपाने के लिए किया गया है और वह मकसद है- तेल।
देश की संसद को संबोधित करते हुए रोड्रिगेज ने कहा कि उनका देश ऊर्जा क्षेत्र में ऐसे संबंधों के लिए खुला है, जिनमें सभी पक्षों को लाभ हो और आर्थिक सहयोग को व्यावसायिक समझौतों में स्पष्ट परिभाषित किया गया हो। उनका यह बयान ऐसे समय में सामने आया है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को वेनेजुएला की सरकार से पूरा सहयोग मिल रहा है और वह आने वाले कई वर्षों तक देश और उसके विशाल तेल भंडार पर नियंत्रण रखेगा।