क्राइम

बिहार के समस्तीपुर में युवक ने दोस्त का सिर काटा, तलवार पर टांगकर गांव में घुमाया

Bihar murder: बिहार के समस्तीपुर जिले से सोमवार को एक दिल दहला देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां दोस्ती दुश्मनी में बदल गई और उसका अंत बेहद क्रूर तरीके से हुआ। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के भुसारी गांव में एक व्यक्ति ने अपने दोस्त की हत्या कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए कटे सिर को तलवार की नोक पर रखकर पूरे टोले में घुमाया। पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल तलवार व अन्य सबूत भी बरामद हो गए हैं।

[caption id="attachment_141432" align="alignnone" width="1200"] Representative image[/caption]

खेत में मिला सिर कटा शव, फैली सनसनी

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह भुसारी गांव के खेत में सुधांशु कुमार उर्फ शर्माजी का सिर कटा शव मिला था। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पत्नी सोनम कुमारी ने कपड़ों और हाथ में बंधे काले धागे के आधार पर शव की पहचान की। पुलिस को सूचना दी गयी, और उन्होनें त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकेश पासवान उर्फ मलिंगा समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अन्य गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार रंजन उर्फ राजन, अर्जुन पासवान, दीपक पासवान और नीतीश कुमार के रूप में हुई है।

शराब कारोबार को लेकर पनपी थी दुश्मनी

सदर एसडीपीओ-1 एवं एएसपी संजय कुमार पांडेय ने मीडिया को बताया कि मृतक सुधांशु और मुख्य आरोपी मलिंगा पहले दोस्त थे, परन्तु दोनों के बीच अवैध शराब के कारोबार को लेकर विवाद हो गया था, जो धीरे-धीरे गहरी दुश्मनी में बदल गया। पुलिस के अनुसार, सुधांशु पर पहले से ही हत्या और शराब कारोबार से जुड़े मामले दर्ज थे, जबकि मलिंगा पर भी तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह पहले से फरार चल रहा था। आरोपी को आशंका थी कि सुधांशु उसकी हत्या कर सकता है, जिससे वह लगातार भयभीत रहता था।

सड़क पर रोका, तलवार मार के उतार दिया मौत के घाट

पुलिस के दावों के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 10 मार्च की शाम सुधांशु देसी शराब बेचने जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में मलिंगा और उसके साथियों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने पहले उसे सड़क पर पटक दिया और फिर तलवार से वार कर उसके पैरों और सिर को घायल किया। इसके बाद उसका गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद मलिंगा ने कटे सिर को तलवार की नोक पर रखकर टोले में घुमाया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।

सिर और धड़ को अलग-अलग जगह दफनाया

वारदात के बाद आरोपियों ने शव के टुकड़े अलग-अलग जगह दफना दिए। मृतक का सिर रंजन पासवान के बगीचे में और धड़ पानी की टंकी के पास परती जमीन में दफनाया गया। बाद में शक से बचने के लिए जमीन को ट्रैक्टर से जोतवा दिया गया। सुधांशु की साइकिल को भी आरोपियों ने मध्य विद्यालय भुसारी के पास स्थित पोखर में फेंक दिया, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है।

शव मिलने के बाद भी गांव में मौजूद था आरोपी

[caption id="attachment_141433" align="alignnone" width="1008"] Representative image[/caption]

सूत्रों की मानें तो शव मिलने के बाद भी मुख्य आरोपी मलिंगा गांव में ही मौजूद था और घटनास्थल के पास आकर शोक जताने का नाटक कर रहा था। बाद में जब उसके नाम की चर्चा होने लगी तो वह साथियों के साथ फरार हो गया। एसएसपी पांडेय ने बताया कि पुलिस को इस मामले में पर्याप्त सबूत मिल गए हैं और सभी आरोपियों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। सभी को मेडिकल जांच के बाद जेल भेज दिया गया है और मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सख्त सजा दिलवाई जाएगी।