दिनदहाड़े 6 राउंड फायरिंग, फिर खोखे समेटकर फरार हुए बदमाश; आखिर किसे मारने आए थे हमलावर?

sawan kumar

बोधगया के हथियार गांव में दिनदहाड़े बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर करीब छह राउंड फायरिंग की। वारदात के बाद एक अपराधी गोली के खोखे समेटता दिखा, जिससे सबूत मिटाने की आशंका जताई जा रही है।

AI सांकेतिक तस्वीर ।

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क

अभिषेक राज / गयाजी -  बोधगया थाना क्षेत्र के हथियार गांव में मंगलवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। ग्रामीणों के अनुसार, एक चारपहिया वाहन पर सवार होकर करीब पांच हथियारबंद अपराधी गांव पहुंचे और राम पुकार चौधरी के पुत्र मुकेश कुमार को निशाना बनाते हुए करीब छह राउंड गोलियां चलाईं। अचानक हुई गोलीबारी से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हालांकि, इस हमले में मुकेश कुमार बाल-बाल बच गए और कोई हताहत नहीं हुआ।

हाइलाइट्स - 

खोखे समेटता दिखा अपराधी, सबूत मिटाने की आशंका

वारदात का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि फायरिंग के बाद एक अपराधी वाहन से नीचे उतरा और जमीन पर गिरे गोली के खोखे चुनने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों की यह हरकत सबूत मिटाने की कोशिश प्रतीत हो रही थी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी बिना किसी हड़बड़ी के वाहन में सवार हुए और मौके से फरार हो गए। अपराधियों के इस दुस्साहसिक अंदाज ने ग्रामीणों को हैरान कर दिया और इलाके में भय का माहौल बना दिया।

पुलिस जांच में जुटी, बढ़ाई गई गश्त

घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरु कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल है, जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। फिलहाल हमले के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं पर जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें -  विपक्ष की छवि नहीं सुधरने वाली, SIR पर भ्रम फैला रहा इंडिया गठबंधन: एनडीए