न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
नमो नारायण मिश्र / गोपाालगंज - गोपालगंज में प्रेम प्रसंग को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जिले के माझा थाना क्षेत्र के जनटोली गांव में एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई और अपने प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पंचायत स्तर पर कई बार बातचीत होने के बावजूद मामला नहीं सुलझा, जिसके बाद युवती ने यह कदम उठा लिया।
हाईलाइट्स -
- शादी की मांग को लेकर युवती मोबाइल टावर पर चढ़ी
- पंचायत में बात नहीं बनने पर उठाया बड़ा कदम
- पुलिस और ग्रामीणों ने घंटों मशक्कत के बाद बचाया
एक साल से चल रहा था प्रेम संबंध, परिवार बना रोड़ा
जानकारी के अनुसार बैकुंठपुर की रहने वाली सिंधु कुमारी का जनटोली गांव निवासी अमरजीत कुमार के साथ पिछले करीब एक साल से प्रेम संबंध था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन परिवार की असहमति के कारण बात आगे नहीं बढ़ सकी। कई बार पंचायत भी हुई, मगर कोई समाधान नहीं निकला। इससे आहत होकर युवती प्रेमी के गांव पहुंची और मोबाइल टावर पर चढ़कर इंसाफ की मांग करने लगी।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, घंटों मशक्कत के बाद नीचे उतारी गई युवती
घटना की सूचना मिलते ही माझा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और ग्रामीणों ने काफी देर तक युवती को समझाने का प्रयास किया। लंबी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस ने बताया कि युवती फिलहाल सुरक्षित है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। दोनों परिवारों से बातचीत जारी है। प्रेम प्रसंग में पंचायत से समाधान नहीं निकलने के बाद युवती का मोबाइल टावर पर चढ़ना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इसे भी पढ़ें - खाने में क्या मिला रही थी पत्नी? शक ने पति को बना दिया हैवान, एक ही रात में खत्म हो गया पूरा परिवार!