तेंदुए का आतंक खत्म! तीन दिन से दहशत में जी रहे ग्रामीणों ने घेरकर मार गिराया

sawan kumar

कटिहार के टीकापट्टी चकला बहियार में तीन दिनों से आतंक फैला रहे तेंदुए को ग्रामीणों ने घेरकर मार गिराया। तेंदुए के हमले में तीन लोग घायल हुए, जबकि दो बछड़ों और एक बकरे को उसने अपना शिकार बनाया।<br/>

तेंदुए का आतंक खत्म!

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क 

कुंदन सिंह / कटिहार -   कटिहार जिले के टीकापट्टी थाना क्षेत्र के धूसर पंचायत स्थित टीकापट्टी गोड़ियर मार्ग पर अवस्थित चकला बहियार में पिछले तीन दिनों से तेंदुए का आतंक बना हुआ था। अचानक गांव और खेतों की ओर पहुंचे तेंदुए की वजह से इलाके में दहशत फैल गई थी। ग्रामीण भय के साये में जी रहे थे और शाम होते ही लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए थे।

हाईलाइट्स -

दो बछड़ों और एक बकरे को बनाया शिकार

ग्रामीणों के मुताबिक तेंदुए ने खेत और कामत क्षेत्र में घुसकर दो गाय के बछड़ों और एक बकरे को अपना शिकार बना लिया। लगातार हो रहे हमलों से गुस्साए ग्रामीण बड़ी संख्या में इकट्ठा हो गए। लोगों ने घेराबंदी कर काफी मशक्कत के बाद तेंदुए को मार गिराया। इस दौरान तेंदुए के हमले में तीन लोगों के घायल होने की भी सूचना है।

इलाके में अफरा-तफरी, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से इलाके में जंगली जानवर देखे जाने की चर्चा थी, लेकिन बुधवार को तेंदुए के हमले ने लोगों में डर और बढ़ा दिया। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन के मौके पर पहुंचने की बात कही जा रही है। घायल लोगों का इलाज स्थानीय स्तर पर कराया जा रहा है। फिलहाल टीकापट्टी थाना पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

इसे भी पढ़ें - घर में घुसकर युवती से गैंगरेप, गोपालगंज में सनसनी; दो आरोपी गिरफ्तार