न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
मनीष कुमार / मोतीहारी - मोतिहारी (कल्याणपुर थाना क्षेत्र) में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति द्वारा अपनी पत्नी को रस्सी से बांधकर खंभे से जकड़ने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
हाईलाइट्स -
- मोतिहारी के कल्याणपुर थाना क्षेत्र की घटना
- पत्नी को रस्सी से बांधकर खंभे से जकड़ा गया
- वायरल वीडियो से मामला सामने आया
- डायल 112 पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को छुड़ाया
- पुलिस मामले की जांच में जुटी
विवाद के बीच घर से निकलने पर बढ़ा तनाव
पचखरवा गांव की रहने वाली शोभा देवी को उनके पति विजय गिरी द्वारा हाथ-पांव बांधकर खंभे से बांध दिया गया। पीड़िता के अनुसार, पति उनसे बात नहीं करते थे और न ही उनके हाथ का बना खाना खाते थे। इसी बात से परेशान होकर वह मायके जाने के लिए घर से निकल रही थीं, तभी विवाद बढ़ गया और पति ने उन्हें रस्सी से बांध दिया।
पुलिस ने पहुंचकर कराया मुक्त
वीडियो वायरल होने और सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को बंधनमुक्त कराया। पीड़िता के पिता भी मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, महिला को सुरक्षित छुड़ाकर दोनों पक्षों को समझाया गया और साथ रहने की सलाह दी गई।
पति का पक्ष और कोर्ट केस का दावा
आरोपी पति विजय गिरी ने दावा किया कि दंपति के बीच मामला कोर्ट में चल रहा है और उनकी पत्नी बार-बार घर से चली जाती है। उन्होंने कहा कि पहले भी उन्होंने पुलिस को सूचना दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस बार अनहोनी की आशंका में उन्होंने पत्नी को बांध दिया और खुद पुलिस को सूचना दी।
इसे भी पढ़ें - बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: 13 प्रस्तावों को मंजूरी, गया–बैंकॉक सीधी उड़ान और 747 करोड़ की स्वास्थ्य ग्रांट को हरी झंडी