न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पूजा शर्मा (संवाददाता) / पटना - पटना के सचिवालय थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। मुख्यमंत्री सचिवालय कार्यालय के समीप करीब एक बजे दो कारें आपस में टकरा गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों वाहनों में सवार लोग बाल-बाल बच गए। दुर्घटना में कुछ लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका प्राथमिक उपचार कराया गया।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, गाड़ियों को भारी नुकसान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति से आ रही एक कार ने दूसरी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में Maruti Suzuki Swift Dzire और Kia कंपनी की कार शामिल बताई जा रही है। एक कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह दब गया, जबकि दूसरी गाड़ी का अगला हिस्सा टूट गया। दुर्घटना के दौरान एक वाहन का पहिया भी निकलकर अलग हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच में जुटी टीम
हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही सचिवालय थाना पुलिस और यातायात पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर ट्रैफिक सामान्य कराया। दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।
इसे भी पढ़ें - इंडो-नेपाल बॉर्डर पर STF और रक्सौल पुलिस की बड़ी रेड, 31 लाख की भारतीय-नेपाली करेंसी जब्त