Telangana woman murder: गुरुवार को तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले से रिश्तों को शर्मसार करने और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, अनैतिक संबंध के शक और संपत्ति विवाद ने एक भाई को इस कदर हैवान बना दिया कि उसने अपनी ही बहन की हत्या कर दी. इसके बाद उसने सबूत मिटाने के लिए शव के आरी से टुकड़े कर झील में फेंक दिए। इस वारदात के खुलासे के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
[caption id="attachment_142031" align="alignnone" width="1200"]
Representative image[/caption]
गुमशुदगी की रिपोर्ट से खुला राज
पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के मुताबिक, 28 फरवरी को आरोपी पप्पू राम (32) ने खुद ही अपनी बहन की गुमशुदगी की रिपोर्ट पुलिस थाने में दर्ज कराई थी। उसने दावा किया था कि उसकी बहन बटासिंगाराम स्थित एक जनरल स्टोर से अचानक लापता हो गई है। हालांकि, जांच के दौरान पुलिस को संदेह हुआ और मामला धीरे-धीरे सुलझने लगा |
शक और विवाद बना हत्या की वजह, जांच में आया सामने
पुलिस ने कहा कि उनकी जांच में सामने आया कि पीड़िता अपने पति की मृत्यु के बाद भाई के साथ रह रही थी। आरोपी पप्पू को अपनी बहन के किसी अन्य व्यक्ति के साथ कथित संबंधों पर शक था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसके अलावा, दोनों के बीच साझा संपत्ति को लेकर भी मतभेद थे। महिला अपने हिस्से का ट्रांसफर चाहती थी, जबकि आरोपी पप्पू इसके लिए तैयार नहीं था।
हत्या के बाद पप्पू ने बाथरूम में छिपाया शव
पुलिस ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि विवाद के दौरान आरोपी ने बहन पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद उसने अपनी बहन के शव को बाथरूम में छिपाकर रखा, ताकि किसी को शक न हो।
[caption id="attachment_142032" align="alignnone" width="1200"]
Representative image[/caption]
आरी से काटकर झील में फेंके टुकड़े
अगले दिन आरोपी पप्पू ने अपने एक साथी की मदद से शव को झील के पास ले जाकर आरी से कई टुकड़ों में काट दिया। इसके बाद उसने शरीर के अंगों को अलग-अलग कर पानी में फेंक दिया, ताकि मृतका की पहचान न हो सके। महिला की तलाश के दौरान पुलिस ने झील से शव के अंग बरामद किए, जिससे पूरे मामले का खुलासा हुआ।
आरोपी हुआ गिरफ्तार, जांच जारी
तेलंगाना पुलिस ने बताया कि उन्होंने आरोपी पप्पू को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और इस जघन्य अपराध में शामिल अन्य व्यक्तियों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस के आला अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।