शाकाहारी भोजन में दाल को हाई-प्रोटीन डिश में बदलने

जानिए कैसे बन सकती है आपकी साधारण दाल एक हाई-प्रोटीन डिश

भारतीय रसोई में दाल लगभग हर दिन बनने वाली सबसे आम और पौष्टिक डिश है। खासकर शाकाहारी लोगों के लिए यह प्रोटीन का अहम सोर्स मानी जाती है। हालांकि सिर्फ दाल खाने से कई बार शरीर की पूरी प्रोटीन जरूरत पूरी नहीं हो पाती। ऐसे में एक आसान तरीका अपनाकर आप अपनी साधारण दाल को हाई-प्रोटीन डिश में बदल सकते हैं।

height=768

एक्सपर्ट्स के अनुसार, अगर दाल में एक खास वेजिटेरियन सामग्री मिला दी जाए तो इसकी प्रोटीन मात्रा काफी बढ़ जाती है। यह तरीका खासतौर पर उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो फिटनेस, वजन घटाने या मसल्स मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं।

कितना प्रोटीन मिलेगा?

एक्सपर्ट्स की माने तो लगभग 50 ग्राम कच्ची अरहर (तुअर) दाल में करीब 11 ग्राम प्रोटीन होता है। यदि इसमें लगभग 40 ग्राम सोया ग्रेन्यूल्स या सोया चंक्स मिला दिए जाएं तो करीब 21 ग्राम अतिरिक्त प्रोटीन मिल जाता है। इस तरह एक छोटी कटोरी दाल से लगभग 32 ग्राम तक प्रोटीन प्राप्त किया जा सकता है।

height=768

कैसे बनाएं हाई प्रोटीन दाल

इस दाल को बनाने की विधि लगभग सामान्य दाल की तरह ही होती है। सबसे पहले 50 ग्राम अरहर दाल को धोकर करीब 30 मिनट तक पानी में भिगो दें। दूसरी ओर 40 ग्राम सोया ग्रेन्यूल्स को गर्म पानी में लगभग 10 मिनट के लिए भिगोकर उसका पानी निचोड़ लें। अब प्रेशर कुकर में दाल, सोया ग्रेन्यूल्स, हल्दी और नमक डालकर 3–4 सीटी तक पकाएं। इसके बाद एक कड़ाही में थोड़ा घी या तेल गर्म करके उसमें जीरा और हींग डालें। फिर बारीक कटा प्याज, अदरक-लहसुन और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें।

height=768

जब प्याज सुनहरा हो जाए तो उसमें टमाटर और मसाले डालकर पकाएं। अंत में उबली हुई दाल और सोया मिश्रण इसमें मिलाकर कुछ मिनट पकाएं और ऊपर से हरा धनिया डालकर परोसें।

height=768

ध्यान रखने वाली बातें

दाल पौष्टिक जरूर है लेकिन इसमें कैलोरी भी होती है, इसलिए अपनी जरूरत के अनुसार ही इसका सेवन करें। कुछ लोगों को सोया से एलर्जी हो सकती है, इसलिए यदि कोई स्वास्थ्य समस्या हो तो पहले विशेषज्ञ की सलाह लेना बेहतर है। दाल के साथ सलाद शामिल करने से फाइबर की मात्रा भी बढ़ जाती है।

height=768

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सामान्य पोषण संबंधी शोध और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है। इसे चिकित्सकीय सलाह का विकल्प नहीं माना जाना चाहिए।