न्यूज़11 भारत
दिल्ली/डेस्क: फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (एआई2379) अचानक 300 फीट नीचे आ गयी, जिससे फ्लाइट में सवार कई यात्री घायल हुए थे. इस पूरे मामले में अब एक बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. इस फ्लाइट के मुख्य पायलट का दूसरा डोप टेस्ट (मादक पदार्थ जांच) भी पॉजिटिव पाया गया है. लैब से आई दूसरी रिपोर्ट में भी पायलट के मारिजुआना (गांजा) के सेवन की पुष्टि हुई है. अब यह बात चर्चा का विषय बन गयी है कि आखिर एक पायलट गांजे का सेवन कर फ्लाइट कैसे उड़ा सकता है.
दोनों रिपोर्ट आई पॉजिटिव
एअर इंडिया के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद तय मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के तहत दोनों पायलटों का अनिवार्य साइकोएक्टिव सब्सटेंस (डोप) टेस्ट कराया गया. शुरुआती स्क्रीनिंग रिपोर्ट में मुख्य पायलट के सैंपल पॉजिटिव पाए गए, जिसके बाद अंतिम और विस्तृत पुष्टि के लिए उनके सैंपल को एक और प्रयोगशाला (लैब) भेजा गया था. दूसरी रिपोर्ट में भी पायलट के मारिजुआना (गांजा) के सेवन की पुष्टि हुई है. हालांकि, पायलट की इस कंफर्मेटरी लैब रिपोर्ट और गांजे के सेवन के खुलासे को लेकर एअर इंडिया की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान या पक्ष जारी नहीं किया गया है.
यात्रियों ने लगाया था पायलट के नशे में होने का आरोप
बताते चलें फ्लाइट में टर्बुलेंस की घटना के बाद विमान में सवार यात्रियों ने भी पायलट के नशे में होने का आरोप लगाया था और उनकी स्थिति पर सवाल उठाए थे. सूत्रों के अनुसार, वह सामान्य स्थिति में नहीं दिख रहा था और उसे चलने-फिरने में भी परेशानी हो रही थी. बताया जा रहा है कि उड़ान के दौरान केबिन क्रू को उसकी मदद करनी पड़ी. वहीं विमान के अचानक नियंत्रण खोने पर युवा को-पायलट ने फ्लाइट को स्थिर किया और फिर दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कराई. इस टर्बुलेंस की घटना में करीब 13-14 यात्री घायल हुए थे.
इसे भी पढ़ें: अब प्लास्टिक में पैक नहीं होगा पान मसाला, FSSAI का नया नियम लागू