न्यूज़ भारत 11
दिल्ली/डेस्क: इन दिनों E-20 पेट्रोल को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ी हुई है. लोग इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर तरह -तरह के दावे कर रहे हैं. इसी बीच बिहार के चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप समेत 4 लोगों पर E-20 पेट्रोल से संबंधित भ्रामक खबर फ़ैलाने का आरोप लगा है. साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को बदनाम करने का भी आरोप लगाया गया है. मामले में बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप, देसी ब्वॉयज NCR, हर्षित राठी और अंकलेश इनवाटे इन चारों के खिलाफ नागपुर साइबर पुलिस ने FIR दर्ज की है.
नागपुर में भाजपा के सोशल मीडिया सेल के हेड शिशिर त्रिपाठी ने इस मामले में नागपुर साइबर पुलिस में औपचारिक शिकायत की थी, जिसके बाद चारों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. शिकायत में कहा गया है कि वीडियो को असली दिखाने के लिए इंफ्लुएंसर ने लोगों के भ्रामक इंटरव्यू लिए और इससे नितिन गडकरी की राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा. उन्होंने इन सभी पर सामाजिक सद्भाव बिगाड़ने का भी आरोप लगाया है.
पुलिस का कहना है कि इन चारों लोगों ने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (E-20) को लेकर सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाई. साथ ही केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को भी बदनाम करने की कोशिश की गयी है.
मालूम हो हाल ही में मनीष कश्यप का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था. इस वीडियो में यूट्यूबर मनीष कश्यप ने आरोप लगाया था कि E20 पेट्रोल (इथेनॉल मिश्रित ईंधन) के इस्तेमाल से उनकी टोयोटा गाड़ी खराब हो गई. इस मामले पर अब नितिन गडकरी ने बताया कि कार निर्माता कंपनी द्वारा वाहन की जांच किए जाने के बाद ये दावे पूरी तरह से झूठे और बेबुनियाद पाए गए हैं. और अब मनीष कश्यप के खिलाफ केस दर्ज किया गया है.
इसे भी पढ़ें: भाजपा ने जारी की स्टार प्रचारकों की लिस्ट, 40 नामों को किया गया शामिल