न्यूज11 भारत
न्यू दिल्ली/डेस्क: देशभर में इस वक्त इथेनॉल-ब्लेंडेड (E20) पेट्रोल को लेकर बहस छिड़ी हुई है. सोशल मीडिया पर आये दिन E20 पेट्रोल के कारण गाड़ी का माइलेज कम होने के दावे किये जा रहे हैं. इसी बीच केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने E20 पेट्रोल को लेकर एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि कोई भी कार मालिक खुद अपनी गाड़ी की फ्यूल एफिशिएंसी यानि माइलेज का सही अंदाजा नहीं लगा सकता है, केवल अधिकृत डीलरों का टेस्टिंग उपकरण ही किसी भी गाड़ी का सही माइलेज बता सकता है.
दरअसल एक इंटरव्यू के दौरान पत्रकार ने नितिन गडकरी से इस संबंध में सवाल पूछा और बताया कि E20 पेट्रोल पर स्विच करने के बाद उनकी गाड़ी की भी माइलेज काफी कम हो गयी है. उन्होंने बताया कि उनकी कार की माइलेज हाल ही में 11 किमी/लीटर से घटकर 7 किमी/लीटर हो गयी है. इसके बाद मंत्री ने साफ़ शब्दों में पूछा कि आपको यह कैसे पता चला कि आपके कार की माइलेज कम हो गयी है? इस पर पत्रकार ने डैशबोर्ड पर दिखने वाले माइलेज डिस्प्ले का ज़िक्र करते हुए जवाब दिया, "मैंने इसे अपनी कार में चेक किया, जैसे हर कोई करता है।" इसके बाद केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि फ्यूल एफिशिएंसी यानि माइलेज की सही रीडिंग केवल निर्माता-अधिकृत टेस्टिंग इक्विपमेंट (उपकरणों) से ही मिल सकती है.
बताते चलें कुछ दिनों पूर्व ही केंद्र सरकार ने यह स्वीकार किया था कि E20 पेट्रोल कुछ गाड़ियों में माइलेज को 3-5% तक कम कर सकता है. पिछले हफ़्ते ही पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल प्रोग्राम की आलोचनाओं का जवाब देने के लिए एक सवाल-जवाब वाला एक डॉक्यूमेंट जारी किया था, जिसमें सरकार ने माना था कि E20 पेट्रोल कुछ गाड़ियों में फ्यूल एफिशिएंसी कम कर सकता है.
मालूम हो केंद्र सरकार ने पेट्रोल में 20% इथेनॉल मिलाने का निर्णय लिया है. इसका मुख्य उद्देश्य कच्चे तेल के आयात को कम करके विदेशी मुद्रा बचाना, पर्यावरण को प्रदूषण से राहत दिलाना और कृषि क्षेत्र (गन्ने व मक्के के उत्पादन) के जरिए किसानों की आय बढ़ाना है. सरकर के आदेश के बाद देशभर में सभी पेट्रोल पंपों पर 20% एथेनॉल-मिश्रित E20 पेट्रोल बेचना पूरी तरह से अनिवार्य कर दिया गया है, लेकिन समस्या तब शुरू हुई जब E-20 पेट्रोल इस्तेमाल करने के बाद लोगों ने गाड़ी की माइलेज कम होने का दावा किया.
इसे भी पढ़ें: झारखंड सरकार ने राज्य के प्रखंडों और अंचलों में पदस्थापन बनाया सुगम, रैशनलाइजेशन पदस्थापन को मंजूरी