न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: अभी की बड़ी खबर पंजाब के मोहाली से निकल के सामने आ रही है. बताया जा रहा है कि एक महिला की उसके एक्स बॉयफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी है. दोनों करीब छह महीने पहले अलग हुए थे. वहीं रिश्ता टूटने के बाद आरोपी बॉयफ्रेंड फिर एक बार रिलेशनशिप में आने की कोशिश कर रहा था. दोनों एक ही ऑफिस में काम करते थे. जब महिला ने वापस से रिलेशनशिप में आने से माना कर दिया तो गुस्से में आए एक्स बॉयफ्रेंड ने महिला पर ऑफिस के अंदर ही चाकू से हमला कर दिया. इस चाकूबाजी की घटना में युवती की मौत हो गई. वहीं महिला पर हमला करने के बाद युवक ने खुद पर भी चाकू से हमला किया.
मामला फेज-11 इलाके का है, जहां सेक्टर-66 के पास एक निजी पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी का दफ्तर है. मिली जानकारी के अनुसार इसी ऑफिस में मृत महिला डिंपल काम करती थी. डिंपल के साथ इसी ऑफिस में उसका आरोपी एक्स बॉयफ्रेंड हरविंदर मान उर्फ हैरी भी काम करता था. दोनों बीते तीन साल से इस ऑफिस में काम कर रहे थे. दोनों के बीच प्रेम प्रसंग काफी अच्छा चल रहा था. मगर छह महीने पहले दोनों के बीच एक बकझक हुई थी. जिस वजह से दोनों अलग हो गए थे.
डिंपल का एक्स बॉयफ्रेंड हरविंदर मान उर्फ हैरी उसे अलग होने के बाद से बार बार वापस से रिश्ते में आने के लिए कह रहा था. लेकिन डिंपल ने साफ दूरी बना ली थी. जिसके बाद गुरुवार की शाम ऑफिस में काम करने के दौरान हरविंदर ने डिंपल के साथ बहस शुरू कर दी. कुछ ही मिनटों में हालात बेकाबू हो गया और फिर गुस्से में आग बबूला हुए हरविंदर मान ने डिंपल पर हमला कर दिया. इस घटना के बाद ऑफिस के अंदर अचानक चीख-पुकार मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. कुछ ही पलों में माहौल डरावना हो गया. हमले के बाद आरोपी ने खुद पर भी चाकू से वार कर लिया और अपनी जान लेने की कोशिश की.
जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने इस मामले की जानकारी नजदीकी थाने को दी. मामले की जानकारी मिलने के बाद एक्शन में आई पुलिस की टीम एंबुलेंस को लेकर मौके पर पहुंची. दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया. आरोपी की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है.
पुलिस ने ऑफिस में लगे CCTV फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. साथ ही जांच भी शुरू कर दी है. CCTV फुटेज को जांच का अहम हिस्सा माना जा रहा है. शुरुआती जांच में मामला पुराने रिलेशन, ब्रेकअप और एकतरफा दबाव से जुड़ा बताया जा रहा है. पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें: मंजूरी से पहले ही अस्पताल में चोरी, पलामू में करोड़ों की लागत से बना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बना असुरक्षित