NEET UG 2026: फीस रिफंड के लिए NTA ने बढ़ाई डेडलाइन, अब 22 जून तक भर सकेंगे डिटेल्स

Mansi Kumari

न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क:
नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर सामने आये विवादों और तकनीकी शिकायतों के बीच नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी हैं. एजेंसी ने परीक्षा शुल्क वापसी (फीस रिफंड) के लिए बैंक खाते की जानकारी जमा करने की अंतिम तारीख को बढ़ाकर 22 जून 2026 कर दिया हैं.

पहले छात्रों को यह प्रक्रिया पूरी करने के लिए 27 मई तक का समय दिया गया था लेकिन बड़ी संख्या में उम्मीदवारों द्वारा जानकारी अपलोड नहीं किए जाने के कारण एनटीए ने समय सीमा को लगभग एक महीने तक आगे बढ़ाने का फैसला लिया हैं. अब छात्र 22 जून की रात 11:50 बजे तक पोर्टल पर अपनी बैंक डिटेल्स अपडेट कर सकते हैं.

एनटीए के अनुसार, अब तक करीब 13 लाख उम्मीदवारों ने फीस रिफंड के लिए अपने बैंक खाते की जानकारी पोर्टल पर दर्ज कर दी हैं. हालांकि अभी भी कई ऐसे छात्र हैं, जो तकनीकी समस्याओं या अन्य कारणों से आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाए हैं. एजेंसी ने छात्रों को स्पष्ट रूप से चेतावनी दी है कि बैंक डिटेल्स जमा करने के बाद उसमें किसी भी तरह का बदलाव करने का मौका नहीं मिलेगा. ऐसे में अभ्यर्थियों को अकाउंट नंबर और आईएफएससी कोड ध्यानपूर्वक जांचने की सलाह दी गई हैं. सटीक जानकारी सुनिश्चित करने के लिए कैंसिल्ड चेक की कॉपी अपलोड करने की भी सलाह दी गई हैं.

एनटीए ने यह भी कहा है कि अंतिम तारीख का इंतजार करना छात्रों के लिए परेशानी का कारण बन सकता हैं. आखिरी दिनों में पोर्टल पर भारी ट्रैफिक के चलते वेबसाइट स्लो या क्रैश हो सकती हैं. इसलिए उम्मीदवार समय रहते अपनी जानकारी अपडेट कर लें. बता दें कि 3 मई 2026 को आयोजित हुई नीट यूजी परीक्षा के बाद देशभर में कई तरह की अनियमितताओं और तकनीकी गड़बड़ियों को लेकर विवाद सामने आए थे. इसी के बाद फीस रिफंड की प्रक्रिया शुरू की गई हैं.

यह भी पढ़े: Breaking News: जल जीवन मिशन का बकाया राशि मिलने का रास्ता हो सकता साफ! 2 जून को दिल्ली में अहम बैठक