TMC से BJP में शामिल हुए तीन पूर्व सांसद, तीनों को मिला राज्यसभा जाने का टिकट, पार्टी ने बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

Pramod Kumar,News11 Bharat,

तीनों सीटों पर जीत के बाद राज्यसभा में बीजेपी के पक्ष में बदलेगा समीकरण

न्यूज11  भारत

रांची/डेस्क: पश्चिम बंगाल की राजनीतिक हलचलें तेज हैं. एक तो विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) की हालत काफी खास्ता हो गयी है. पार्टी के विघटन का दौर लगातार जारी है. इसी राजनीतिक विघटन के क्रम में टीएमसी के तीन पूर्व सांसद बीजेपी में शामिल हो गये. गुरुवार को सुष्मिता देव, सुखेंदु शेख रॉय और प्रकाश चिक बड़ाइक टीएमसी को छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया. इसका इनाम भी उन्हें तुरंत मिला. भाजपा ने तीनों को राज्यसभा का टिकट भी थमा दिया है.

संसद के मानसून सत्र से पहले बीजेपी के इस फैसले को उसका बड़ा राजनीतिक दांव माना जा रहा है. गुरुवार को तीनों नेताओं के आधिकारिक रूप से बीजेपी ज्वाइन करने से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता शमिक भट्टाचार्य ने इसकी आधिकारिक घोषणा पहले ही कर दी थी. इसके बाद TMC के तीनों पूर्व सांसद बीजेपी में शामिल हो गए. तीनों नेताओं के बीजेपी में शामिल होने से पहले ही इस बात की चर्चा होने लगी थी कि पार्टी उन्हें राज्यसभा भेज सकती है. अब तो उस पर आधिकारिक मुहर भी लग गई है.

बता दें कि इन तीन सीटों के साथ 24 जुलाई को मतदान होना है. ये तीनों सीटें इन्हीं तीनों नेताओं के राज्यसभा इस्तीफे के बाद खाली हुई थी. सुखेन्दु शेखर राय, सुष्मिता देव और प्रकाश चिक बड़ाइक के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं. उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई है. नामांकन पत्रों की जांच 15 जुलाई को होगी. बीजेपी का यह फैसला पश्चिम बंगाल की राजनीति और राज्यसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम है. इन तीनों सीटों के जीतने के बाद राज्यसभा में बीजेपी की ताकत और मजबूत होगी. बता दें कि 20 जुलाई से शुरू हो रहे संसद सत्र में बीजेपी सरकार परिसीमन समेत कई महत्वपूर्ण बिल लाने वाली है. 24 जुलाई के बाद बदलने वाला समीकरण उसके लिए काफी फायदेमंद हो सकता है.

यह भी पढ़ें: सुरक्षित और स्मार्ट बॉर्डर की कल्पना पर आधारित भारत की बॉर्डर सुरक्षा व्यवस्था विश्व में होगी सबसे आधुनिक - अमित शाह