न्यूज़11 भारत
नई दिल्ली/डेस्क: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने गुरुवार को चार राज्यों के लिए नए प्रदेश अध्यक्षों के नामों का ऐलान किया. पार्टी नेतृत्व ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और त्रिपुरा में नई जिम्मेदारियां सौंपते हुए आगामी राजनीतिक रणनीति को मजबूत करने का संकेत दिया है.
BJP के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा को दिल्ली भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है. उन्होंने वीरेंद्र सचदेवा की जगह ली है. यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी.
दिल्ली के अलावा भाजपा ने हरियाणा में डॉ. अर्चना गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी है. वहीं पंजाब में सरदार केवल सिंह ढिल्लो को संगठन की कमान सौंपी गई है, जबकि त्रिपुरा में अभिषेक देबरॉय को नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है.
संगठन को नई दिशा देने की तैयारी
भाजपा का यह कदम आगामी चुनावी चुनौतियों और संगठन विस्तार की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है. पार्टी नेतृत्व लंबे समय से विभिन्न राज्यों में संगठन को नए चेहरों के साथ मजबूत करने की कवायद में जुटा हुआ है. हर्ष मल्होत्रा BJP के वरिष्ठ नेताओं में गिने जाते हैं और वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री पद संभाल रहे हैं. वे दिल्ली की राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं. पार्टी के भीतर उनकी पहचान मजबूत जनसंपर्क, संगठन क्षमता और विकास से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने वाले नेता के रूप में रही है.