प्रेम कुमार सिंह,न्यूज 11 भारत.
भरनो (गुमला)डेस्क:- प्रखंड के दक्षिणी भरनो पंचायत अंतर्गत टंगराटोली स्थित चबूतरा में रविवार को 21 पड़हा समिति के तत्वावधान में विश्व आदिवासी दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया.कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं समाज के अगुवा लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर किया.
इस दौरान आदिवासी समाज की संस्कृति और परंपरा की जीवंत झलक देखने को मिली.कार्यक्रम में स्थानीय आदिवासी युवतियों ने पारंपरिक वेशभूषा में आदिवासी नृत्य और संगीत की मनमोहक प्रस्तुति दी.पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया.कार्यक्रम स्थल पर आदिवासी संस्कृति,सामाजिक एकता और परंपराओं को संरक्षित रखने का संदेश भी दिया गया.कार्यक्रम को संबोधित करते हुए 21 पड़हा समिति के अध्यक्ष लधूवा उरांव ने कहा कि आदिवासी समाज को अब जागरूक होने की जरूरत है.यदि समाज समय रहते नहीं जागा तो आने वाले समय में हमारे हक और अधिकारों पर दूसरे लोग कब्जा कर सकते हैं.उन्होंने कहा कि समाज के विकास का सबसे मजबूत आधार शिक्षा है.इसलिए प्रत्येक अभिभावक अपने बच्चों को बेहतर शिक्षा दिलाने के लिए गंभीर हों.
शिक्षा के माध्यम से ही समाज अपने अधिकारों को समझ सकेगा और अपने हक के लिए मजबूती से आवाज उठा सकेगा.मौके पर प्रखंड प्रमुख पारस नाथ उरांव ने कहा कि आदिवासी समाज में समय के साथ कई कुरीतियां घर कर गई हैं, जिन्हें दूर करने की आवश्यकता है.उन्होंने लोगों से नशापान से बचने तथा अंधविश्वास के चक्कर में नहीं पड़ने की अपील की.उन्होंने कहा कि जब समाज नशामुक्त,शिक्षित और जागरूक होगा,तभी एक बेहतर और सशक्त समाज का निर्माण संभव है.
साथ ही प्रमुख ने विश्व आदिवासी दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह दिवस आदिवासी समाज की संस्कृति,परंपरा,अधिकारों और पहचान को मजबूत करने का अवसर है.उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर सामाजिक एकता का परिचय देने तथा अपनी संस्कृति और परंपराओं को आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाने की अपील की.कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही.
भरनो थाना के सब इंस्पेक्टर महादेव यादव तथा मजिस्ट्रेट सह सीआई शाहिद अनवर की अगुवाई में पुलिस बल कार्यक्रम स्थल पर मुस्तैद रहा.कार्यक्रम में मंच संचालन अमित उरांव ने किया.समारोह को सफल बनाने में मारासिली मुखिया सुकेश उरांव,पूर्व मुखिया सूरजमनी उरांव,पंचायत समिति सदस्य बिरसा उरांव,ग्राम प्रधान तेतरा उरांव,मनसा उरांव,जुगल उरांव,एतवा उरांव,शनि उरांव,सुभानी उरांव,पिंटू बड़ाइक,चरवा उरांव,शनिराम उरांव, नगवा पहान,ललित उरांव,गणेश उरांव सहित 21 पड़हा समिति के सभी सदस्यों एवं पहान पुजारो की महत्वपूर्ण भूमिका रही.
यह भी पढ़ें: पलामू के कई प्रखंडों में अखंड भारत संकल्प दिवस समारोह पूर्वक आयोजित किया गया - विहिप पलामू