प्रेम कुमार सिंह/न्यूज 11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो बस्ती बाजार टांड़ स्थित श्रीविष्णु मंदिर में आयोजित 24 घंटे का अखंड हरिनाम संकीर्तन मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ श्रद्धा एवं भक्ति भाव के माहौल में संपन्न हो गया.कार्यक्रम के समापन अवसर पर विधिवत हवन-पूजन, आरती तथा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर प्रसाद ग्रहण किया.धार्मिक अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर में लगातार 24 घंटे तक हरिनाम संकीर्तन,भजन-कीर्तन एवं भगवान विष्णु के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा.भरनो एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ संकीर्तन में भाग लिया तथा भगवान के नाम का स्मरण कर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की.
आयोजकों ने बताया कि अखंड हरिनाम संकीर्तन का उद्देश्य समाज में धार्मिक चेतना,आपसी भाईचारा और आध्यात्मिक मूल्यों को बढ़ावा देना है.संकीर्तन के दौरान श्रद्धालु देर रात तक भजन-कीर्तन में लीन रहे.मंदिर परिसर में भक्तों की लगातार भीड़ उमड़ती रही और पूरे क्षेत्र में भक्ति एवं श्रद्धा का अनुपम वातावरण देखने को मिला.
मंगलवार को वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन एवं पूर्णाहुति की गई.इसके बाद महाआरती का आयोजन हुआ,जिसमें श्रद्धालुओं ने परिवार एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि,शांति और मंगलकामना के लिए प्रार्थना की.कार्यक्रम के समापन पर आयोजित विशाल भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया.अखंड हरिनाम संकीर्तन के सफल आयोजन से पूरे भरनो क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल रहा.श्रद्धालुओं ने इसे आध्यात्मिक ऊर्जा, सामाजिक एकता और सनातन संस्कृति के संरक्षण का एक प्रेरणादायी आयोजन बताया.इस सफल आयोजन में श्रीविष्णु मंदिर के पुजारी आचार्य अवधेश मिश्रा के नेतृत्व में मंदिर समिति एवं ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.कार्यक्रम को सफल बनाने में अंकित मिश्रा,संजय गुप्ता,मनोहर लाल,गया प्रसाद केशरी,शम्भू केशरी, मुनकु केशरी,अजित केशरी, बजरंग केशरी,बजरंग गुप्ता, शम्भू गुप्ता,बजरंग महतो, प्रवीण सोनी,कृष्णा केशरी, विजय केशरी सहित अनेक श्रद्धालुओं का सराहनीय योगदान रहा.
यह भी पढ़ें: बीजेपी चाईबासा नगर की बैठक में बीते दिनों आयोजित कार्यक्रमों को लेकर की गई समीक्षा