पाकुड़: महेशपुर SDPO के आवास में घुसा 5.5 फीट लंबा कोबरा, सुरक्षित किया गया रेस्क्यू

News11 Bharat

SDPO विजय कुमार के सरकारी आवास में एक जहरीला कोबरा घुस आया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी.

न्यूज़11 भारत 
पाकुड़/डेस्क:
महेशपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विजय कुमार के सरकारी आवास पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जहरीला स्पेक्टेकल्ड कोबरा (भारतीय नाग) मुख्य दरवाजे से घर के अंदर घुसने का प्रयास करने लगा. कोबरा लगभग 5.5 फीट लंबा था, जिसे देख हर किसी की आंखे फटी की फटी रह गयी. 

पालतू कुत्ते ने देखा सांप  

बताया गया कि सांप को सबसे पहले एसडीपीओ के पालतू कुत्ते ने देखा. सांप को देखते ही कुत्ता जोर-जोर से भौंकने लगा. कुत्ते की भौंकने की आवाज सुनकर जब लोगों ने आसपास देखा तो, दरवाजे के पास एक 5.5 फीट लंबा कोबरा दिखा. कोबरा देखते ही सभी सतर्क हो गए और वन्यजीव रक्षक (स्नेक रेस्क्यूअर) को इसकी सूचना दी. 

सुरक्षित रेस्क्यू किया गया कोबरा 

सूचना मिलते ही स्नेक रेस्क्यूअर अशरफुल शेख मौके पर पहुंचे. उन्होंने सावधानी और सूझबूझ के साथ करीब 5.5 फीट लंबे स्पेक्टेकल्ड कोबरा का सुरक्षित रेस्क्यू किया. रेस्क्यू के बाद सांप को उसके प्राकृतिक आवास जंगल में छोड़ दिया गया.

रेस्क्यूअर अशरफुल शेख ने लोगों से अपील की कि यदि घर या आसपास कहीं सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे मारने का प्रयास करें. तुरंत प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यूअर या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसका रेस्क्यू किया जा सके.