न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: महेशपुर प्रखंड क्षेत्र के माधव मरांडी के घर में पिछले आठ दिनों से आतंक का पर्याय बना लगभग 5.5 फीट लंबा विशाल कोबरा ज़िसे भारतीय नाग के नाम से जाना जाता हैं आखिरकार सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर लिया गया. खतरनाक विषैले सांप के पकड़े जाने के बाद परिवार और आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली. माधव मरांडी ने बताया कि यह कोबरा पिछले आठ दिनों से उनके घर के आसपास और विभिन्न स्थानों पर छिपा हुआ था. इस दौरान उसने एक-एक कर कुल 12 मुर्गियों को अपना शिकार बनाया. इतना ही नहीं, अंडों पर बैठकर उन्हें से रही एक मुर्गी को भी डसकर मार डाला, जिससे परिवार में भय का माहौल बना हुआ था.वन विभाग को सूचना मिलने पर स्नेक रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. लगभग 5.5 फीट लंबे और बेहद फुर्तीले स्पेक्टैकल कोबरा को पकड़ना आसान नहीं था. काफी देर तक चली सावधानीपूर्वक कार्रवाई के बाद रेस्क्यू टीम ने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया.
रेस्क्यू अभियान सफल होने के बाद स्थानीय ग्रामीणों और माधव मरांडी के परिवार ने राहत जताई तथा स्नेक रेस्क्यू टीम के कार्य की सराहना की. विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि यदि घर या आसपास किसी विषैले सांप के दिखाई देने की सूचना मिले तो स्वयं पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम या वन विभाग को तत्काल सूचना दें.
यह भी पढ़ें: प्रतिबंधित नक्सली संगठनों के 16 नामी नक्सलियों ने रांची पुलिस मुख्यालय में किया समर्पण