भरनो प्रखंड के पबेया गांव से 56 वर्षीय व्यक्ति लापता, परिजनों ने भरनो थाना में दी लिखित सूचना

Ark Sahuliyar

भरनो प्रखंड के पबेया गांव निवासी 56 वर्षीय धनेश्वर सिंह बीते शनिवार से लापता हैं. उनके अचानक घर से चले जाने के बाद परिजन काफी परेशान हैं.

प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत 
भरनो/डेस्क:
भरनो प्रखंड के पबेया गांव निवासी 56 वर्षीय धनेश्वर सिंह बीते शनिवार से लापता हैं. उनके अचानक घर से चले जाने के बाद परिजन काफी परेशान हैं. परिजनों ने अपने स्तर से रिश्तेदारों,परिचितों एवं आसपास के क्षेत्रों में काफी खोजबीन की, लेकिन कई दिनों तक तलाश करने के बावजूद धनेश्वर सिंह का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. इस संबंध में धनेश्वर सिंह के फुफेरे भाई वीरेंद्र सिंह ने बताया कि धनेश्वर सिंह बचपन से ही उनके घर पबेया में रहकर जीवन यापन करते हैं. पिछले कुछ वर्षों से उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती है,जिसके कारण परिजन उनकी विशेष देखभाल करते हैं. 

वीरेंद्र सिंह के अनुसार,बीते शनिवार को धनेश्वर सिंह बिना किसी को कुछ बताए घर से बाहर निकल गए. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की. परिजनों ने सबसे पहले गांव एवं आसपास के इलाकों में उनकी खोजबीन की. इसके बाद सगे-संबंधियों,परिचितों और अन्य संभावित स्थानों पर भी पता लगाया गया,लेकिन धनेश्वर सिंह के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी. लगातार खोजबीन के बावजूद उनका पता नहीं चलने से परिवार के लोग चिंतित हैं. अंततः वीरेंद्र सिंह ने भरनो थाना पहुंचकर धनेश्वर सिंह के लापता होने की लिखित सूचना पुलिस को दी है. 

उन्होंने पुलिस से धनेश्वर सिंह की तलाश करने और उन्हें सकुशल बरामद करने की गुहार लगाई है. परिजनों ने भी आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को धनेश्वर सिंह के संबंध में कोई जानकारी मिले अथवा उन्हें कहीं देखा जाए तो तत्काल परिजनों अथवा भरनो थाना को इसकी सूचना दें,ताकि उन्हें सुरक्षित घर वापस लाया जा सके.